Uncategorized

आदिवासी भाषा-संस्कृति के संरक्षण को लेकर जागरूकता अभियान चलाया

NARA और वीर बिरसा मेमोरियल क्लब ने ग्रामीणों से अपनी परंपराओं और रीति-रिवाजों को सहेजने की अपील की

रिपोर्ट: संदीप गुप्ता।
आदिवासी भाषा-संस्कृति के संरक्षण को लेकर जागरूकता अभियान चलाय
NARA और वीर बिरसा मेमोरियल क्लब ने ग्रामीणों से अपनी परंपराओं और रीति-रिवाजों को सहेजने की अपील की
अड़की। युवाओं को अपनी मातृभाषा, संस्कृति एवं पारंपरिक विरासत से जोड़ने तथा आदिवासी पहचान को संरक्षित रखने के उद्देश्य से अड़की प्रखंड की बोंहडा पंचायत के विभिन्न गांवों में नेशनल आदिवासी रिवाइवल एसोसिएशन (NARA) और वीर बिरसा मेमोरियल क्लब की ओर से जागरूकता अभियान चलाया गया। अभियान के दौरान ग्रामीणों को आदिवासी भाषा-संस्कृति, पारंपरिक रीति-रिवाजों, सामाजिक अनुशासन और पारंपरिक पर्व-त्योहारों की महत्ता के प्रति जागरूक किया गया।

NARA के प्रतिनिधि गब्बरसिंह हेम्ब्रम ने कहा कि युवा पीढ़ी को अपनी मूल भाषा, सांस्कृतिक विरासत, पारंपरिक ज्ञान, सामाजिक रीति-रिवाजों और अनुशासन से जोड़े रखना जरूरी है। उन्होंने चिंता जताई कि शिक्षा, आर्थिक समृद्धि और आधुनिक जीवनशैली की ओर बढ़ने के साथ कई लोग अपनी मूल भाषा, संस्कृति और समाज से दूर होते जा रहे हैं। उन्होंने अभिभावकों से अपील की कि वे अपनी भाषा-संस्कृति और पारंपरिक मूल्यों को अगली पीढ़ी तक पहुंचाने में सक्रिय भूमिका निभाएं।
वहीं, वीर बिरसा मेमोरियल क्लब के प्रतिनिधि जादुराय मुंडरी ने कहा कि युवाओं में आदिवासी भाषा-संस्कृति के प्रति जागरूकता और सम्मान की भावना विकसित करने में सामाजिक संगठनों की महत्वपूर्ण भूमिका है। उन्होंने अभिभावकों से बच्चों को गलत आदतों से बचाने और उन्हें सामाजिक सोच एवं अनुशासन से जोड़ने की अपील की।

उन्होंने कहा कि बच्चों को पारंपरिक त्योहारों, लोकगीतों, नृत्य और सामाजिक परंपराओं से जोड़ने के साथ-साथ गुणवत्तापूर्ण शिक्षा भी दिलानी चाहिए। इसके अलावा, बच्चों की रुचि के अनुसार उन्हें विभिन्न प्रशिक्षण केंद्रों से जोड़कर रोजगार के लिए उचित मार्गदर्शन देना जरूरी है।
अभियान के अंत में सामाजिक संगठनों ने ग्रामीणों से अपनी भाषा-संस्कृति के विकास, प्रचार-प्रसार और संरक्षण के लिए गांवों में सम्मेलन, महोत्सव, अधिवेशन तथा जागरूकता शिविर जैसे कार्यक्रम आयोजित करने की अपील की।
इस अवसर पर सामाजिक कार्यकर्ता सोमा समद, जुरा समद, तड़करन मुंडा, किनु पाहन, कल्याण तिड़ू, सुरेंद्र सिंह मुंडा, किनु समद, केदारनाथ मुंडा, मानू हेम्ब्रम और विशु मुंडरी सहित अन्य ग्रामीण उपस्थित थे।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button
Click to listen highlighted text!
error: Content is protected !!