इलाज के अभाव में बीमार कुली की मौत, गुवा के लोगों ने पेश की मानवता की मिसाल
पत्रकारों, पुलिस प्रशासन, जनप्रतिनिधियों, समाजसेवियों और दुकानदारों ने आपसी सहयोग से कराया अंतिम संस्कार

रिपोर्ट: संदीप गुप्ता।
इलाज के अभाव में बीमार कुली की मौत, गुवा के लोगों ने पेश की मानवता की मिसाल
पत्रकारों, पुलिस प्रशासन, जनप्रतिनिधियों, समाजसेवियों और दुकानदारों ने आपसी सहयोग से कराया अंतिम संस्कार
गुवा संवाददाता। गुवा बाजार में लंबे समय से बीमार चल रहे शंकर कुली की बुधवार देर रात अचानक मौत हो गई। उनकी मौत की खबर मिलते ही पूरे बाजार में शोक की लहर दौड़ गई। शंकर कुली लंबे समय से गुवा बाजार में कुली का काम कर अपना जीवनयापन करते थे। वे काफी दिनों से बीमार थे, लेकिन परिवार की आर्थिक स्थिति कमजोर होने और इलाज के लिए पर्याप्त संसाधन नहीं होने के कारण अपना समुचित उपचार नहीं करा पा रहे थे।बताया जाता है कि बुधवार देर रात गुवा बाजार में ही उनकी अचानक मौत हो गई। उनकी मृत्यु के बाद सबसे बड़ी समस्या उनके अंतिम संस्कार की व्यवस्था को लेकर सामने आई। आर्थिक तंगी के कारण परिवार के पास अंतिम संस्कार कराने तक के लिए पर्याप्त संसाधन नहीं थे। ऐसी विषम परिस्थिति में गुवा के पत्रकारों, पुलिस प्रशासन, जनप्रतिनिधियों, समाजसेवियों और बाजार के दुकानदारों ने आगे आकर मानवता की मिसाल पेश की। सभी ने आपसी सहयोग से राशि एकत्रित की और शंकर कुली के अंतिम संस्कार की पूरी व्यवस्था की। लकड़ी सहित अंतिम संस्कार में उपयोग होने वाली अन्य आवश्यक सामग्रियों का इंतजाम भी सामूहिक सहयोग से किया गया। इस पुनीत कार्य में गुवा थाना प्रभारी नीतीश कुमार, जिला परिषद सदस्य भाग एक देवकी कुमारी, मुखिया पद्मिनी लागुरी, झारखंड मुक्ति मोर्चा पंचायत अध्यक्ष दीनबंधु ब्रांच, समाजसेवी सोनू सहित अन्य समाजसेवी और बाजार के दुकानदारों ने महत्वपूर्ण भूमिका निभाई। अंतिम संस्कार के दौरान बड़ी संख्या में बाजार के लोग उपस्थित रहे और नम आंखों से शंकर कुली को अंतिम विदाई दी।




