डायन-प्रथा और अंधविश्वास के खिलाफ ग्रामीणों को किया जागरूक
आदिवासी हो समाज युवा महासभा एवं नेशनल आदिवासी रिवाईवल एसोसिएशन ने नरसिंहपुर के डुमुसाई में की बैठक, सामाजिक कुरीतियों को समाप्त करने का लिया संकल्प

रिपोर्ट: संदीप गुप्ता।
डायन-प्रथा और अंधविश्वास के खिलाफ ग्रामीणों को किया जागरूक
आदिवासी हो समाज युवा महासभा एवं नेशनल आदिवासी रिवाईवल एसोसिएशन ने नरसिंहपुर के डुमुसाई में की बैठक, सामाजिक कुरीतियों को समाप्त करने का लिया संकल्प
जगन्नाथपुर। डायन-प्रथा, अंधविश्वास एवं समाज में व्याप्त विभिन्न सामाजिक कुरीतियों को समाप्त करने और ग्रामीणों में जागरूकता फैलाने के उद्देश्य से जगन्नाथपुर प्रखंड अंतर्गत कासिरा पंचायत के नरसिंहपुर गांव के टोला डुमुसाई में आदिवासी हो समाज युवा महासभा एवं नेशनल आदिवासी रिवाईवल एसोसिएशन के प्रतिनिधियों ने ग्रामीणों के साथ बैठक की।

बैठक में डायन-प्रथा जैसी अमानवीय सामाजिक कुरीतियों, अंधविश्वास, सामाजिक भेदभाव तथा सामाजिक एवं शैक्षणिक जागरूकता के अभाव से उत्पन्न समस्याओं पर विस्तार से चर्चा की गई। इस दौरान आदिवासी हो समाज युवा महासभा के राष्ट्रीय महासचिव गब्बरसिंह हेम्ब्रम ने डायन-प्रथा के नाम पर महिलाओं एवं निर्दोष लोगों को प्रताड़ित किए जाने की घटनाओं पर चिंता जताई। उन्होंने मानवता, सामाजिक न्याय और महिला सम्मान के महत्व को समझाते हुए विभिन्न आपराधिक घटनाओं एवं न्यायालय से जुड़े मामलों के उदाहरण देकर ग्रामीणों को जागरूक किया।
उन्होंने कहा कि ऐसी कुप्रथाओं को समाप्त करने के लिए समाज के प्रत्येक व्यक्ति को जागरूक और जिम्मेदार बनना होगा।
वहीं, सरना बचाओ समिति एवं नेशनल आदिवासी रिवाईवल एसोसिएशन के प्रतिनिधियों ने सामाजिक शिक्षा, आपसी भाईचारा, सामाजिक एकता, महिला सम्मान और संवैधानिक अधिकारों के प्रति जागरूक रहने का संदेश दिया। उन्होंने ग्रामीणों से अंधविश्वास एवं सामाजिक कुरीतियों के खिलाफ सामूहिक रूप से आवाज उठाने तथा स्वस्थ, शिक्षित और जागरूक समाज के निर्माण में सक्रिय भागीदारी निभाने की अपील की। बैठक में रासिका कोड़ा, मनोज कुमार कोड़ा, नरसिंह कोड़ा, सुभाष कोड़ा, सुनील हेम्ब्रम, पोगानरसिंह कोड़ा, सुखलाल कोड़ा, मनमोहन हेम्ब्रम, चुड़ी कोड़ा, लक्ष्मण कोड़ा, डिकुल कोड़ा, चरण कोड़ा, बादुला कोड़ा, रूपसिंह कोड़ा, संतोष कोड़ा, जयकृत कोड़ा, देव केराई, शुरू कोड़ा, शर्मिला कोड़ा, सुभाष मुगा कोड़ा सहित काफी संख्या में ग्रामीण उपस्थित थे।




