बाबा मेंस वियर बेदखली मामला: नोटिस वापस लेने पर बुंडू CO से हाईकोर्ट ने मांगा जवाब, मिलीभगत की जताई प्रथम दृष्टया आशंका
बेदखली का नोटिस वापस लेने पर उठाए सवाल, अंचल अधिकारी हंस हेम्ब्रम से तीन सप्ताह में जवाब तलब

रिपोर्ट: संदीप गुप्ता।
बाबा मेंस वियर दुकान बेदखली मामले में बुंडू CO पर हाईकोर्ट की सख्त टिप्पणी
बेदखली का नोटिस वापस लेने पर उठाए सवाल, अंचल अधिकारी हंस हेम्ब्रम से तीन सप्ताह में जवाब तलब
बुंडू (रांची)। झारखंड हाईकोर्ट ने बुंडू के मेन रोड स्थित बाबा मेंस वियर दुकान से जुड़े बेदखली मामले में अंचल अधिकारी हंस हेम्ब्रम की कार्रवाई पर गंभीर सवाल उठाए हैं। अदालत ने प्रथम दृष्टया अंचल अधिकारी और किरायेदार मुकेश कुमार के बीच मिलीभगत की संभावना का उल्लेख करते हुए संबंधित अधिकारी से स्पष्टीकरण मांगा है।

मामला दुकान के किरायेदार मुकेश कुमार को बेदखल करने के आदेश से जुड़ा है। हाउस रेंट कंट्रोलर-सह-अनुमंडल पदाधिकारी (एसडीओ), बुंडू ने 11 मई 2026 को दुकान खाली कराने का आदेश पारित किया था। इसके बाद 21 अगस्त 2026 को बेदखली के आदेश के अनुपालन में दुकान खाली कराने का नोटिस जारी किया गया। हालांकि, 24 अगस्त 2026 को अंचल अधिकारी ने उक्त नोटिस वापस ले लिया।

इस कार्रवाई को लेकर दायर मामले की सुनवाई 12 अक्टूबर 2026 को न्यायमूर्ति राजेश शंकर की अदालत में हुई। सुनवाई के दौरान अदालत ने नोटिस वापस लिए जाने पर सवाल उठाए। अदालत ने अंचल अधिकारी हंस हेम्ब्रम को तीन सप्ताह के भीतर जवाब दाखिल कर यह स्पष्ट करने का निर्देश दिया कि बेदखली का नोटिस वापस लेने का आधार क्या था।

वहीं, अदालत ने किरायेदार मुकेश कुमार को भी नोटिस जारी किया है। इसके अतिरिक्त, रांची के उपायुक्त को अगली सुनवाई से पहले जवाबी हलफनामा दाखिल करने का निर्देश दिया गया है।
मामले की अगली सुनवाई 5 नवंबर 2026 को निर्धारित है। अब इस मामले में प्रशासन की ओर से दाखिल किए जाने वाले जवाब पर नजर रहेगी।
उल्लेखनीय है कि हाईकोर्ट की मिलीभगत संबंधी टिप्पणी प्रथम दृष्टया की है। अदालत ने अभी तक किसी को अंतिम रूप से दोषी घोषित नहीं किया है।




