विभाग स्तरीय छह दिवसीय घोष प्रशिक्षण वर्ग का भव्य समापन
घोष वादन के साथ अनुशासन, एकाग्रता और राष्ट्रभावना को सुदृढ़ करने का दिया संदेश

विभाग स्तरीय छह दिवसीय घोष प्रशिक्षण वर्ग का भव्य समापन
घोष वादन के साथ अनुशासन, एकाग्रता और राष्ट्रभावना को सुदृढ़ करने का दिया संदेश
परमानंद गोप नोवामुंडी, 6 अक्टूबर। पद्मावती जैन सरस्वती शिशु मंदिर, नोवामुंडी में 1 से 6 अक्टूबर तक आयोजित विभाग स्तरीय छह दिवसीय घोष प्रशिक्षण वर्ग का समापन मंगलवार को गरिमामय वातावरण में हुआ। कार्यक्रम का शुभारंभ क्षेत्रीय घोष प्रशिक्षक राजेश प्रसाद, विद्यालय प्रबंध समिति के अध्यक्ष सुनील कुमार सिंह, सह सचिव चितरंजन बेहरा, कोषाध्यक्ष मालती लागुरी, पूर्व सचिव रामस्वरूप पोद्दार, जगन्नाथपुर संकुल प्रमुख सह प्रधानाचार्य अरविंद पाण्डेय एवं विद्यालय की प्रधानाचार्या सीमा पालित ‘गुरु मां’ ने संयुक्त रूप से दीप प्रज्वलित कर किया।

समापन समारोह में विद्यालय प्रबंध समिति के पूर्व सचिव रामस्वरूप पोद्दार को अंगवस्त्र प्रदान कर सम्मानित किया गया। इसके बाद प्रवासी घोष प्रशिक्षक सलमान होजाईस आचार्य ने छह दिवसीय प्रशिक्षण वर्ग का वृत्त प्रस्तुत किया। उन्होंने प्रशिक्षण के दौरान आयोजित घोष वादन एवं विभिन्न गतिविधियों की जानकारी दी।

प्रशिक्षण वर्ग में कुल 27 घोष कक्षाएं आयोजित की गईं। आगामी दिल्ली कार्यक्रम में होने वाले घोष वादन को ध्यान में रखते हुए प्रशिक्षणार्थियों को ‘प्रभात’, ‘अतिथि वंदन’, ‘श्री गणेश’, ‘पताका रोहण’ एवं ‘लव-कुश’ जैसी रचनाओं का प्रशिक्षण दिया गया। प्रशिक्षण के उपरांत घोष दल ने विभिन्न रचनाओं का आकर्षक एवं अनुशासित प्रदर्शन किया, जिसकी उपस्थित अतिथियों ने सराहना की।

इस अवसर पर विद्यालय प्रबंध समिति के अध्यक्ष सुनील कुमार सिंह ने प्रशिक्षण में सहभागी भैया-बहनों एवं आचार्य दीदी-जी को आशीर्वचन देते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की। उन्होंने कहा कि घोष प्रशिक्षण अनुशासन, एकाग्रता, सामूहिकता एवं राष्ट्रभावना को मजबूत करने का प्रभावी माध्यम है।

अंत में क्षेत्रीय घोष प्रशिक्षक राजेश प्रसाद ने धन्यवाद ज्ञापन करते हुए प्रशिक्षण वर्ग को सफल बनाने में सहयोग देने वाले सभी पदाधिकारियों, आचार्य दीदी-जी, प्रशिक्षकों, प्रशिक्षणार्थियों एवं विद्यालय परिवार के प्रति आभार व्यक्त किया। समापन समारोह में उपस्थित अतिथियों एवं प्रशिक्षणार्थियों में उत्साह और आनंद का माहौल रहा। छह दिवसीय प्रशिक्षण वर्ग ने घोष वादन के साथ-साथ अनुशासन, समर्पण, टीम भावना एवं राष्ट्रभावना को विकसित करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई।




