पोल्ट्री फार्म कार्यालय में हथियार के बल पर चोरी का प्रयास, सीसीटीवी में कैद हुई अपराधियों की करतूत
नकाबपोश बदमाशों ने सिक्योरिटी गार्ड की कनपटी पर रिवॉल्वर रखकर दी गोली मारने की धमकी, पुलिस जांच में जुटी

पोल्ट्री फार्म कार्यालय में हथियार के बल पर चोरी का प्रयास, सीसीटीवी में कैद हुई अपराधियों की करतूत
नकाबपोश बदमाशों ने सिक्योरिटी गार्ड की कनपटी पर रिवॉल्वर रखकर दी गोली मारने की धमकी, पुलिस जांच में जुटी
परमानंद गोप नोवामुंडी। नोवामुंडी थाना क्षेत्र में रिलायंस पेट्रोल पंप के समीप संचालित एक पोल्ट्री फार्म कार्यालय में सोमवार देर रात नकाबपोश अपराधियों ने हथियार के बल पर चोरी का प्रयास किया। घटना की पूरी वारदात कार्यालय में लगे सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गई है। फुटेज में सिक्योरिटी गार्ड समेत तीन लोगों की गतिविधियां स्पष्ट रूप से दिखाई दे रही हैं।

सीसीटीवी फुटेज के अनुसार, दो नकाबपोश अपराधी कार्यालय में प्रवेश करते हैं। इनमें एक के हाथ में धारदार हथियार, जबकि दूसरे के हाथ में रिवॉल्वर दिखाई दे रही है। दोनों अपराधी सिक्योरिटी गार्ड को भी कमरे के अंदर बुलाते हैं। इसके बाद कार्यालय में रखी टेबल की दराज और अलमारी को तोड़कर रुपये अथवा अन्य कीमती सामान तलाशने का प्रयास करते हैं।

बताया जा रहा है कि काफी तलाश के बावजूद जब अपराधियों के हाथ कुछ नहीं लगा तो उन्होंने सिक्योरिटी गार्ड की कनपटी पर रिवॉल्वर रख दी और गोली मारने की धमकी दी। हालांकि कार्यालय से कोई सामान नहीं मिलने के कारण अपराधी वहां से खाली हाथ लौट गए।
घटना के बाद पोल्ट्री फार्म संचालक रूपेश ठाकुर ने नोवामुंडी थाने में लिखित शिकायत दर्ज कराई है। शिकायत मिलने के बाद पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है। पुलिस ने सिक्योरिटी गार्ड को थाने बुलाकर पूछताछ की है। साथ ही सीसीटीवी फुटेज के आधार पर अपराधियों की पहचान और उनकी गतिविधियों की जांच की जा रही है। दुर्गा पूजा से पहले हुई इस घटना के बाद क्षेत्र में सुरक्षा व्यवस्था को लेकर भी सवाल उठने लगे हैं। लगातार बढ़ रही आपराधिक गतिविधियों को देखते हुए पुलिस ने गश्त और निगरानी बढ़ाने की तैयारी शुरू कर दी है।




