Uncategorized

महात्मा गांधी-लाल बहादुर शास्त्री जयंती पर कांग्रेसजनों ने किया नमन

सत्य, अहिंसा, सादगी और राष्ट्रसेवा के मार्ग पर चलने का लिया संकल्प

जगन्नाथपुर

राष्ट्रपिता महात्मा गांधी एवं देश के पूर्व प्रधानमंत्री भारत रत्न लाल बहादुर शास्त्री की जयंती के अवसर पर शुक्रवार को जगन्नाथपुर प्रखंड कांग्रेस कार्यालय में श्रद्धांजलि एवं स्मरण कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम में कांग्रेसजनों ने दोनों महान विभूतियों के चित्र पर पुष्प अर्पित कर श्रद्धापूर्वक नमन किया। इस दौरान उनके बताए सत्य, अहिंसा, सादगी, ईमानदारी, कर्तव्यनिष्ठा और राष्ट्रसेवा के मार्ग पर चलने का संकल्प लिया गया।

कार्यक्रम को संबोधित करते हुए प्रखंड कांग्रेस अध्यक्ष ललित कुमार दोराइबुरू ने कहा कि महात्मा गांधी ने सत्य और अहिंसा को अपना हथियार बनाकर देशवासियों को स्वतंत्रता आंदोलन से जोड़ा और उसे जनआंदोलन का स्वरूप दिया। उन्होंने कहा कि गांधी जी का जीवन सत्य, अहिंसा, स्वच्छता, समानता और गरीबों के प्रति संवेदनशीलता का संदेश देता है। कठिन परिस्थितियों में भी सिद्धांतों से समझौता नहीं करना उनके जीवन से सीखने वाली महत्वपूर्ण बात है।

 

उन्होंने कहा कि पूर्व प्रधानमंत्री लाल बहादुर शास्त्री सादगी, ईमानदारी, कर्तव्यनिष्ठा और राष्ट्रसेवा के प्रतीक थे। प्रधानमंत्री के रूप में उन्होंने देशवासियों में आत्मविश्वास जगाया और देशहित को सर्वोपरि रखा। उनका सरल जीवन और राष्ट्र के प्रति समर्पण आज भी समाज के लिए प्रेरणास्रोत है।

 

वहीं, कांग्रेस प्रदेश सचिव मायाधर बेहरा ने कहा कि महात्मा गांधी ने स्वतंत्रता आंदोलन के माध्यम से देशवासियों में एकता, आत्मविश्वास और अहिंसा की भावना को मजबूत किया। वहीं लाल बहादुर शास्त्री ने अपने आचरण और कार्यों से सादगी एवं ईमानदारी की मिसाल पेश की। उनका दिया नारा ‘जय जवान, जय किसान’ देश के जवानों और किसानों के योगदान को सम्मान देने वाला महत्वपूर्ण संदेश बना।

 

कार्यक्रम के दौरान कांग्रेसजनों ने समाज में भाईचारा एवं सद्भाव बनाए रखने तथा गरीब, किसान, मजदूर और जरूरतमंद लोगों के हित में कार्य करने का संकल्प लिया। उपस्थित लोगों ने कहा कि गांधी और शास्त्री के आदर्श केवल स्मरण करने तक सीमित न रहें, बल्कि उन्हें व्यवहार और सामाजिक जीवन में भी अपनाया जाना चाहिए।

 

इस अवसर पर प्रखंड कांग्रेस कमेटी के उपाध्यक्ष विक्रम हेम्ब्रम, सोमनाथ सिंकु, रंजन गोप, प्रखंड महासचिव रंजीत गागराई, जिला सचिव शाहरुख अली, रोशन पान, सरफराज आलम, संतोष नाग, आफताब आलम, हरीश पान, महेंद्र तांती, बबलू गोप, सुरेश कुम्हार, पप्पू अहमद, शमशाद आलम, मोहम्मद आरिफ समेत बड़ी संख्या में कांग्रेसजन उपस्थित थे।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button
Click to listen highlighted text!
error: Content is protected !!