Uncategorized

चक्रधरपुर में पुरानी रांची रोड पर बड़ा हादसा टला, नाली में घुसा 10 चक्का ट्रक

ट्रक फंसने से टोकलो मार्ग पर लगा भीषण जाम, खुली नालियों को लेकर लोगों में आक्रोश

चक्रधरपुर में पुरानी रांची रोड पर बड़ा हादसा टला, नाली में घुसा 10 चक्का ट्रक
ट्रक फंसने से टोकलो मार्ग पर लगा भीषण जाम, खुली नालियों को लेकर लोगों में आक्रोश
रिपोर्ट: संदीप गुप्ता। पश्चिमी सिंहभूम जिले के चक्रधरपुर-टोकलो मुख्य मार्ग पर सोमवार को उस समय बड़ा हादसा टल गया, जब शहर की व्यस्त पुरानी रांची रोड पर एक 10 चक्का ट्रक अनियंत्रित होकर सड़क किनारे बनी गहरी नाली में जा घुसा। हादसे में किसी के घायल होने की सूचना नहीं है।


प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, ट्रक पुरानी रांची रोड से गुजर रहा था। इसी दौरान चालक का वाहन पर नियंत्रण बिगड़ गया और ट्रक सड़क किनारे स्थित नाली में जा घुसा। गनीमत रही कि घटना के समय नाली के आसपास कोई व्यक्ति मौजूद नहीं था। स्थानीय लोगों का कहना है कि यदि ट्रक की रफ्तार अधिक होती तो सड़क किनारे स्थित घरों को भी नुकसान पहुंच सकता था। ट्रक का एक हिस्सा नाली में धंस जाने के कारण सड़क पर आवागमन बाधित हो गया। देखते ही देखते दोनों ओर वाहनों की लंबी कतार लग गई। इससे टोकलो मार्ग पर भीषण जाम की स्थिति उत्पन्न हो गई। जाम में छोटे-बड़े वाहनों के साथ बाइक सवार और राहगीर भी फंस गए। घटना की सूचना मिलते ही आसपास के दुकानदार और स्थानीय लोग मौके पर पहुंचे। ट्रक को नाली से बाहर निकालने का प्रयास शुरू किया गया। बाद में क्रेन की मदद से ट्रक को हटाने की तैयारी की गई। इधर, सड़क किनारे बनी खुली और गहरी नालियों को लेकर स्थानीय लोगों में नाराजगी है। लोगों का कहना है कि खुली नालियां वाहन चालकों और राहगीरों के लिए खतरा बनी हुई हैं। प्रशासन को नालियों को ढंकने और सड़क किनारे सुरक्षा व्यवस्था सुनिश्चित करने की मांग की गई है।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button
Click to listen highlighted text!
error: Content is protected !!