टाटा डीएवी स्कूल में आपदा प्रबंधन पर मॉक ड्रिल, 642 विद्यार्थियों ने सीखे बचाव के गुर
आपातकालीन स्थिति में सतर्कता, अनुशासन और त्वरित प्रतिक्रिया का दिया गया प्रशिक्षण

रिपोर्ट: संदीप गुप्ता।
टाटा डीएवी स्कूल में आपदा प्रबंधन पर मॉक ड्रिल, 642 विद्यार्थियों ने सीखे बचाव के गुर
आपातकालीन स्थिति में सतर्कता, अनुशासन और त्वरित प्रतिक्रिया का दिया गया प्रशिक्षण
नोवामुंडी। टाटा डीएवी पब्लिक स्कूल, नोवामुंडी में सोमवार, 12 अक्टूबर को आपदा प्रबंधन को लेकर विशेष मॉक ड्रिल का आयोजन किया गया। इसका उद्देश्य विद्यार्थियों और शिक्षकों को प्राकृतिक आपदा, आगजनी तथा अन्य आपातकालीन परिस्थितियों में सुरक्षित रहने और त्वरित प्रतिक्रिया देने के लिए प्रशिक्षित करना था।
विद्यालय की प्राचार्या शशिकला ने बताया कि इस अभ्यास के माध्यम से विद्यार्थियों को आपदा के समय सतर्क रहने, आत्मरक्षा के उपाय अपनाने और सुरक्षा संबंधी नियमों का पालन करने के प्रति जागरूक किया गया।

मॉक ड्रिल के दौरान आपातकालीन घंटी बजते ही विद्यार्थियों और शिक्षकों ने निर्धारित सुरक्षा प्रोटोकॉल का पालन किया। शिक्षकों के मार्गदर्शन में बच्चों ने डेस्क और मजबूत सतहों के नीचे सुरक्षित रहने तथा बाद में विद्यालय के क्रीड़ा प्रांगण में एकत्रित होने का अभ्यास किया। इसके अलावा बिजली के उपकरण बंद करने, आपात स्थिति में शांत रहने और प्राथमिक उपचार के जरूरी तरीकों की जानकारी भी दी गई।
कार्यक्रम संयोजक सचिन साव ने कहा कि सुरक्षा केवल नियम नहीं, बल्कि जीवनशैली का हिस्सा होनी चाहिए। आपदा के समय घबराने के बजाय समझदारी, त्वरित निर्णय और उचित प्रशिक्षण से जान-माल की रक्षा की जा सकती है। उन्होंने कहा कि ऐसे अभ्यासों से बच्चों में सतर्कता, अनुशासन और नागरिक जिम्मेदारी की भावना विकसित होती है, ताकि वे विद्यालय के साथ-साथ घर और समाज में भी संकट के समय जागरूक नागरिक की भूमिका निभा सकें।
इस मॉक ड्रिल में कक्षा एक से बारहवीं तक के कुल 642 विद्यार्थियों और 22 शिक्षकों ने भाग लिया। विद्यालय के शिक्षक-शिक्षिकाओं एवं गैर-शैक्षणिक कर्मचारियों ने भी सक्रिय भागीदारी निभाकर कार्यक्रम को सफल बनाया।




