Uncategorized

टाटा डीएवी में ‘वीर गाथा प्रोजेक्ट 6.0’ का आयोजन

विद्यार्थियों में देशभक्ति और वीर बलिदानियों के प्रति सम्मान की भावना विकसित करने के लिए कविता, चित्रकला और लेखन प्रतियोगिताएं आयोजित

टाटा डीएवी में ‘वीर गाथा प्रोजेक्ट 6.0’ का आयोजन
विद्यार्थियों में देशभक्ति और वीर बलिदानियों के प्रति सम्मान की भावना विकसित करने के लिए कविता, चित्रकला और लेखन प्रतियोगिताएं आयोजित
परमानंद गोप नोवामुंडी, 9 अक्टूबर। टाटा डीएवी पब्लिक स्कूल में शुक्रवार को रक्षा मंत्रालय एवं शिक्षा मंत्रालय के संयुक्त तत्वावधान में ‘वीर गाथा प्रोजेक्ट 6.0’ का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य विद्यार्थियों एवं अभिभावकों में देश के वीर बलिदानियों, वीरता पुरस्कार विजेताओं और ऐतिहासिक योद्धाओं के प्रति सम्मान तथा देशभक्ति की भावना को सुदृढ़ करना था।

विद्यालय की प्राचार्या शशिकला ने बताया कि वीर गाथा जैसी राष्ट्रीय पहल विद्यार्थियों को पुस्तकीय ज्ञान से आगे बढ़कर देश की सुरक्षा और संप्रभुता के लिए अपना सर्वस्व न्योछावर करने वाले वीर जवानों के त्याग एवं बलिदान से परिचित कराती है। इस तरह के आयोजन बच्चों में अनुशासन, कर्तव्यनिष्ठा और राष्ट्रप्रेम की भावना विकसित करने का सशक्त माध्यम हैं।

कार्यक्रम के दौरान विद्यालय की संगीत मंडली ने देशभक्ति गीतों की प्रस्तुति देकर वातावरण को राष्ट्रप्रेम से ओतप्रोत कर दिया। कक्षा तीन से बारहवीं तक के विद्यार्थियों के लिए देशभक्ति कविता लेखन, अनुच्छेद लेखन, चित्रकला और डिजिटल माध्यम से संबंधित प्रतियोगिताएं आयोजित की गईं। वहीं, नर्सरी के विद्यार्थियों के लिए रंगोली प्रतियोगिता का आयोजन किया गया, जिसमें बच्चों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया।
विद्यालय परिसर में ‘वीर गाथा कॉर्नर’ भी स्थापित किया गया। इसमें परमवीर चक्र और महावीर चक्र सहित विभिन्न वीरता पुरस्कारों से सम्मानित वीरों की गाथाओं के साथ विद्यार्थियों की चुनिंदा कलाकृतियों को प्रदर्शित किया गया। इससे विद्यार्थियों को देश के वीर सपूतों के अदम्य साहस, शौर्य और बलिदान के बारे में जानने का अवसर मिला।

इस अवसर पर कक्षा सातवीं के सत्यम, नौवीं की आफिया परवीन और ग्यारहवीं की प्रज्ञाश्री मिश्रा ने अपने विचार साझा किए। प्रतियोगिताओं में प्राप्त प्रविष्टियों में से सर्वश्रेष्ठ रचनाओं का चयन कर उन्हें ‘माईगव’ पोर्टल पर अपलोड किया गया। कार्यक्रम के माध्यम से विद्यार्थियों को देश के गौरवशाली इतिहास, वीरता और राष्ट्र के प्रति अपने कर्तव्यों को समझने की प्रेरणा दी गई।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button
Click to listen highlighted text!
error: Content is protected !!