Uncategorized

मोबाइल  प्रतिबंध के खिलाफ रामा पांडेय की चेतावनी, चार खदानों में आंदोलन की धमकी

ठेका श्रमिकों के मोबाइल पर पूर्ण प्रतिबंध हटाने की मांग, बुनियादी सुविधाओं में सुधार पर दिया जोर

रिपोर्ट: संदीप गुप्ता।

मोबाइल  प्रतिबंध के खिलाफ राम पांडेय की चेतावनी, चार खदानों में आंदोलन की धमकी
ठेका श्रमिकों के मोबाइल पर पूर्ण प्रतिबंध हटाने की मांग, बुनियादी सुविधाओं में सुधार पर दिया जोर
गुवा संवाददाता। सेल (SAIL) के झारखंड ग्रुप ऑफ माइंस (JGOM) प्रबंधन की ओर से खदान परिसरों में ठेका श्रमिकों के मोबाइल फोन ले जाने और इस्तेमाल करने पर पूर्ण प्रतिबंध लगाने के आदेश का विरोध शुरू हो गया है। झारखंड मजदूर संघर्ष संघ के केंद्रीय अध्यक्ष रामा पांडेय ने इस फैसले को ‘तालिबानी फरमान’ करार देते हुए तत्काल वापस लेने की मांग की है। उन्होंने चेतावनी दी कि आदेश वापस नहीं लेने पर गुवा, किरीबुरू, मेघाहातुबुरू और चिड़िया खदान में एक साथ व्यापक आंदोलन किया जाएगा। रामा पांडेय ने कहा कि प्रबंधन को मोबाइल पर प्रतिबंध लगाने से पहले श्रमिकों की बुनियादी समस्याओं के समाधान पर ध्यान देना चाहिए। खदान क्षेत्रों में बेहतर चिकित्सा सुविधा, जर्जर आवासों की मरम्मत, स्वच्छ पेयजल, बच्चों के लिए गुणवत्तापूर्ण शिक्षा और श्रमिकों को पर्याप्त सुरक्षा उपकरण उपलब्ध कराना जरूरी है। उन्होंने आपात स्थिति से निपटने के लिए 24 घंटे एंबुलेंस की व्यवस्था सुनिश्चित करने की भी मांग की। उन्होंने स्पष्ट किया कि मजदूर संघ सुरक्षा व्यवस्था के खिलाफ नहीं है। मशीन चलाते समय या वाहन संचालन के दौरान मोबाइल फोन के इस्तेमाल पर रोक लगाना उचित है, क्योंकि इससे दुर्घटनाओं की आशंका बढ़ सकती है। हालांकि, पूरे खदान परिसर में मोबाइल फोन ले जाने पर पूर्ण प्रतिबंध लगाना श्रमिकों के हित में नहीं है। संघ ने यह सवाल भी उठाया कि खदानों के आसपास ग्रामीणों, स्थानीय लोगों और पर्यटकों की आवाजाही होती है। ऐसे में केवल ठेका श्रमिकों के मोबाइल पर प्रतिबंध लगाने से तस्वीरें और वीडियो बनाने पर पूरी तरह रोक लगाना संभव नहीं होगा। रामा पांडेय ने प्रबंधन से आदेश पर पुनर्विचार कर श्रमिकों की समस्याओं का समाधान करने की मांग की। उन्होंने कहा कि मांगों की अनदेखी होने पर संघ चारों खदानों में आंदोलन करने को बाध्य होगा।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button
Click to listen highlighted text!
error: Content is protected !!