Uncategorized

समीज आश्रम के सौंदर्यीकरण और पर्यटन विकास की पहल

उपायुक्त मनीष कुमार ने सपरिवार पहुंचकर लिया जायजा, जर्जर पुल की तत्काल मरम्मत का निर्देश

संदीप गुप्ता। पश्चिमी सिंहभूम जिले के मनोहरपुर स्थित प्राकृतिक एवं आध्यात्मिक महत्व के प्रमुख स्थल समीज आश्रम के विकास को लेकर जिला प्रशासन ने पहल तेज कर दी है। पश्चिमी सिंहभूम के उपायुक्त मनीष कुमार ने सपरिवार समीज आश्रम पहुंचकर परिसर का निरीक्षण किया और पर्यटकीय सुविधाओं, स्वच्छता, सुरक्षा तथा आवागमन की व्यवस्थाओं का जायजा लिया।


निरीक्षण के दौरान उपायुक्त ने आश्रम परिसर की साफ-सफाई और श्रद्धालुओं एवं पर्यटकों को उपलब्ध कराई जा रही बुनियादी सुविधाओं का अवलोकन किया। उन्होंने कहा कि समीज आश्रम धार्मिक आस्था के साथ-साथ प्राकृतिक सौंदर्य के कारण पर्यटन की दृष्टि से भी महत्वपूर्ण स्थल है। ऐसे स्थानों पर स्वच्छता, पर्यटक सुविधाओं और सौंदर्यीकरण पर विशेष ध्यान देने की आवश्यकता है।इस दौरान उपायुक्त ने आश्रम के समीप स्थित जर्जर पुल का भी निरीक्षण किया। पुल की स्थिति को देखते हुए उन्होंने संबंधित कार्यपालक अभियंता को तत्काल मरम्मत कराने का निर्देश दिया। उन्होंने मरम्मत कार्य को प्राथमिकता के आधार पर उच्च गुणवत्ता के साथ पूरा करने को कहा, ताकि श्रद्धालुओं और पर्यटकों के आवागमन में किसी प्रकार की परेशानी न हो।
उपायुक्त ने अधिकारियों को आश्रम और आसपास के क्षेत्र में पर्यटकों की सुरक्षा एवं सुविधा के लिए आवश्यक इंतजाम सुनिश्चित करने का निर्देश दिया। उन्होंने कहा कि समीज आश्रम की प्राकृतिक एवं सांस्कृतिक पहचान को संरक्षित रखते हुए क्षेत्र में पर्यटन की संभावनाओं को विकसित किया जाना चाहिए। जिला प्रशासन की इस पहल से आने वाले समय में समीज आश्रम को बेहतर पर्यटक सुविधाओं से लैस किए जाने की उम्मीद है।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button
Click to listen highlighted text!
error: Content is protected !!