Uncategorized

हुटूबसूड में बनेगा आरओबी, मानव रहित रेलवे फाटक से मिलेगी राहत

आरओबी निर्माण में 185 प्लॉट रैयत जमीन आने की आशंका, ग्राम सभा में सर्वे का मामला सामने आया

परमानंद गोप नोवामुंड़ी। डांगोवापोसी-जुरूली रेलखंड पर हुटूबसूड गांव के समीप स्थित मानव रहित रेलवे फाटक पर रेलवे ओवरब्रिज (आरओबी) निर्माण की योजना तैयार की गई है। आरओबी बनने से नोवामुंडी-जैंतगढ़ मुख्य सड़क पर रेलवे क्रॉसिंग पार करने वाले लोगों को बड़ी राहत मिलने की उम्मीद है। इससे वाहनों को ट्रेन के गुजरने तक फाटक पर इंतजार नहीं करना पड़ेगा और रेल दुर्घटनाओं की आशंका भी कम होगी। प्रस्तावित आरओबी से हुटूबसूड सहित आसपास के ग्रामीण क्षेत्रों के लोगों को आवागमन में सुविधा मिलेगी। क्षेत्र के बड़ी संख्या में लोग लौहांचल के नोवामुंडी, बड़ाजामदा, गुवा, किरीबुरू, बोलानी और बड़बिल स्थित लौह अयस्क खदानों व फैक्ट्रियों में काम करते हैं। ऐसे में आरओबी बनने से रोजाना आवागमन करने वाले मजदूरों और अन्य वाहन चालकों को काफी सुविधा मिलने की उम्मीद है। वर्तमान में रेलवे फाटक पर ट्रेनों के आवागमन के दौरान सड़क पर वाहनों की लंबी कतार लग जाती है। मालगाड़ियों के गुजरने में अधिक समय लगने पर लोगों को काफी देर तक इंतजार करना पड़ता है। इससे कई बार वाहन चालकों और फाटक पर तैनात कर्मचारियों के बीच विवाद की स्थिति भी उत्पन्न होने की शिकायतें सामने आती रही हैं। रात के समय पर्याप्त विद्युत व्यवस्था नहीं होने के कारण फाटक पर तैनात चौकीदारों को सुरक्षा को लेकर भी परेशानी का सामना करना पड़ता है।
आरओबी निर्माण में रैयत जमीन आने की आशंका
प्रस्तावित आरओबी निर्माण को लेकर रैयत जमीन प्रभावित होने की आशंका भी सामने आई है। बताया जा रहा है कि आरओबी के निर्माण की जद में किसानों की करीब 185 प्लॉट जमीन आ सकती है। हाल ही में हुटूबसूड गांव में आयोजित ग्राम सभा में आरओबी योजना के लिए सर्वेक्षण कर रिपोर्ट तैयार किए जाने का मामला सामने आया। ग्रामीणों के अनुसार, योजना का मसौदा तैयार होने से पहले ही जमीन का सर्वेक्षण किया गया है। ऐसे में आरओबी निर्माण से प्रभावित होने वाले रैयतों की जमीन, मुआवजा और अन्य अधिकारों को लेकर ग्रामीणों में चर्चा शुरू हो गई है। ग्रामीणों का कहना है कि निर्माण से पहले प्रभावित रैयतों की जमीन और उनकी समस्याओं को स्पष्ट किया जाना आवश्यक है।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button
Click to listen highlighted text!
error: Content is protected !!