बोइता बंदाण ओडिशा के गौरवशाली समुद्री इतिहास और सांस्कृतिक पहचान का प्रतीक : संतोष पंडा
कार्तिक पूर्णिमा पर पूर्वजों के साहस और साधवों की समुद्री यात्राओं को किया याद, नई पीढ़ी से विरासत संरक्षित करने की अपील

रिपोर्ट: संदीप गुप्ता।
बोइता बंदाण ओडिशा के गौरवशाली समुद्री इतिहास और सांस्कृतिक पहचान का प्रतीक : संतोष पंडा
कार्तिक पूर्णिमा पर पूर्वजों के साहस और साधवों की समुद्री यात्राओं को किया याद, नई पीढ़ी से विरासत संरक्षित करने की अपील
गुवा संवाददाता। कार्तिक पूर्णिमा एवं बोइता बंदाण के पावन अवसर पर भारतीय इस्पात मजदूर महासंघ के कोषाध्यक्ष संतोष पंडा ने समस्त ओडिशावासियों, देशवासियों और विश्वभर में रह रहे ओड़िया समाज को हार्दिक शुभकामनाएं दीं। उन्होंने कहा कि बोइता बंदाण महज धार्मिक एवं सांस्कृतिक परंपरा नहीं, बल्कि ओडिशा के गौरवशाली समुद्री इतिहास, पूर्वजों के अदम्य साहस और समृद्ध सांस्कृतिक पहचान का प्रतीक है।
संतोष पंडा ने कहा कि कार्तिक पूर्णिमा के अवसर पर कलिंग के वीर साधवों (साधबा) के साहस और संघर्ष को याद किया जाता है। सदियों पहले आधुनिक तकनीक और संचार सुविधाओं के अभाव में भी ओडिशा के साहसी समुद्री व्यापारी विशाल जहाजों से समुद्र पार कर बाली, जावा, सुमात्रा, बोर्नियो, कंबोडिया, श्रीलंका और म्यांमार जैसे देशों तक व्यापारिक यात्राएं करते थे। इन यात्राओं ने न केवल व्यापार को बढ़ावा दिया, बल्कि विभिन्न देशों के बीच सांस्कृतिक आदान-प्रदान और मैत्रीपूर्ण संबंधों को भी मजबूत किया। उन्होंने कहा कि इन साहसिक समुद्री यात्राओं के पीछे साधवों की पत्नियों का त्याग, धैर्य और समर्पण भी महत्वपूर्ण रहा है। अपने पतियों की सुरक्षित वापसी की प्रतीक्षा करती महिलाओं का अटूट विश्वास इस परंपरा को भावनात्मक और ऐतिहासिक महत्व प्रदान करता है।
संतोष पंडा ने बताया कि इसी गौरवशाली विरासत की स्मृति में कार्तिक पूर्णिमा के दिन लोग नदियों, तालाबों और समुद्र में छोटी-छोटी नावें प्रवाहित करते हैं। इस दौरान ‘आ का मा बोई, पान गुआ थोई’ पारंपरिक गीत गाकर पूर्वजों के साहस और उनकी समुद्री यात्राओं को नमन किया जाता है। वहीं, कटक की प्रसिद्ध बाली यात्रा भी ओडिशा की समृद्ध समुद्री विरासत का महत्वपूर्ण प्रतीक है।
अंत में उन्होंने कहा कि नई पीढ़ी को अपने गौरवशाली इतिहास और सांस्कृतिक परंपराओं से परिचित कराना आवश्यक है। उन्होंने सभी लोगों से ओडिशा की ऐतिहासिक विरासत और सांस्कृतिक परंपराओं को संरक्षित रखने की अपील करते हुए कहा कि हमारा इतिहास हमारी पहचान है, पूर्वजों का साहस हमारी प्रेरणा है और हमारी संस्कृति हमारा सबसे बड़ा गौरव है।




