कार्तिक पूर्णिमा पर कारो नदी के कुसुम घाट में उमड़ा श्रद्धालुओं का सैलाब, बोइता बंदाण गीत के साथ किया नौका विसर्जन
अहले सुबह चार बजे से श्रद्धालुओं ने लगाई आस्था की डुबकी, विवेक नगर एवं कारोकुंज में स्थापित की गई भगवान कार्तिक की प्रतिमा

रिपोर्ट: संदीप गुप्ता।
कार्तिक पूर्णिमा पर कारो नदी के कुसुम घाट में उमड़ा श्रद्धालुओं का सैलाब, बोइता बंदाण गीत के साथ किया नौका विसर्जन
अहले सुबह चार बजे से श्रद्धालुओं ने लगाई आस्था की डुबकी, विवेक नगर एवं कारोकुंज में स्थापित की गई भगवान कार्तिक की प्रतिमा
गुवा संवाददाता। मंगलवार को गुवा में कार्तिक पूर्णिमा स्नान पर्व हर्षोल्लास एवं श्रद्धा के साथ मनाया गया। इस अवसर पर अहले सुबह चार बजे से ही कारो नदी के कुसुम घाट पर पवित्र स्नान करने के लिए श्रद्धालुओं की भारी भीड़ उमड़ पड़ी।

सुबह की पहली किरण से पहले ही नदी घाट पर श्रद्धालुओं का सैलाब देखने को मिला। इस दौरान ओड़िया समुदाय के लोगों ने पारंपरिक रीति-रिवाज के अनुसार केला के तने और छिलके से बनी छोटी-छोटी नौकाओं को सजाकर कारो नदी में प्रवाहित किया।

इस दौरान लोगों ने पारंपरिक बोइता बंदाण गीत “आ का मा बोई, गुवा पानो थोई, मासोको धोरमो मोर गुवा पानो तोर” गाकर अपनी सांस्कृतिक परंपरा का निर्वहन किया।
कार्तिक पूर्णिमा के अवसर पर सुबह चार बजे से ही विभिन्न देवालयों में पूजा-अर्चना के लिए श्रद्धालुओं का तांता लगा रहा। धार्मिक मान्यता के अनुसार इस दिन देवी-देवता पृथ्वी लोक पर स्नान करने आते हैं। इसी मान्यता के कारण इस पर्व को देव दीपावली के रूप में भी मनाया जाता है।

वहीं, गुवा के विवेक नगर-2 एवं कारोकुंज में भगवान कार्तिक की प्रतिमा स्थापित कर विधि-विधान से पूजा-अर्चना की गई। पूरे क्षेत्र में भक्तिमय माहौल बना रहा और लोगों ने सुख-समृद्धि एवं परिवार की खुशहाली की कामना की।




