गुवा सेल अस्पताल में स्वास्थ्य सुविधाओं के साथ बुनियादी व्यवस्थाओं का हो रहा विस्तार
महिला कर्मियों के लिए बनाया गया विशेष जिम, किचन का हुआ नवीनीकरण; सीजीएम चंद्रभूषण कुमार ने किया नई सुविधाओं का उद्घाटन

रिपोर्ट: संदीप गुप्ता।
गुवा सेल अस्पताल में स्वास्थ्य सुविधाओं के साथ बुनियादी व्यवस्थाओं का हो रहा विस्तार
महिला कर्मियों के लिए बनाया गया विशेष जिम, किचन का हुआ नवीनीकरण; सीजीएम चंद्रभूषण कुमार ने किया नई सुविधाओं का उद्घाटन
गुवा संवाददाता। सेल की गुवा लौह अयस्क खदान स्थित गुवा सेल अस्पताल क्षेत्र के सेल कर्मचारियों एवं आसपास के 18 सीएसआर गांवों के लोगों के लिए जीवन रेखा के रूप में कार्य कर रहा है। अस्पताल प्रबंधन की ओर से स्वास्थ्य सुविधाओं के विस्तार और मरीजों को बेहतर चिकित्सा वातावरण उपलब्ध कराने की दिशा में लगातार प्रयास किए जा रहे हैं। गुवा सेल प्रबंधन के मार्गदर्शन में अस्पताल में कई नई सुविधाएं विकसित की जा रही हैं, जिससे मरीजों एवं आम लोगों को बेहतर स्वास्थ्य सेवाएं मिल सकें। इसी कड़ी में अस्पताल में सेल की महिला कर्मचारियों के बेहतर स्वास्थ्य एवं फिटनेस को ध्यान में रखते हुए एक विशेष जिम की स्थापना की गई है। इसके साथ ही अस्पताल परिसर में साफ-सफाई पर विशेष ध्यान दिया जा रहा है। मरीजों को उपलब्ध कराए जाने वाले भोजन की गुणवत्ता में सुधार के उद्देश्य से अस्पताल के किचन का नवीनीकरण भी किया गया है।
किचन में नए बर्तन, बेहतर फूड मेनू, गैस ओवन तथा आकर्षक स्टील की फूड ट्रॉली की व्यवस्था की गई है। इन नई सुविधाओं का उद्घाटन गुवा माइंस के मुख्य महाप्रबंधक (सीजीएम) चंद्रभूषण कुमार ने किया। इस पहल का उद्देश्य अस्पताल में भर्ती मरीजों को स्वच्छ, पौष्टिक एवं गुणवत्तापूर्ण भोजन उपलब्ध कराना है। इस अवसर पर अस्पताल के मुख्य चिकित्सा पदाधिकारी (सीएमओ) डॉ. एके अमन, जीएम आरके सिन्हा, आरके बंगा सहित अस्पताल के अन्य चिकित्सक एवं कर्मचारी मौजूद थे। अस्पताल प्रबंधन की इन पहलों से चिकित्सा सुविधाओं के साथ-साथ मरीजों की देखभाल और अस्पताल की व्यवस्थाओं में भी सकारात्मक बदलाव आने की उम्मीद है।




