रामचंद्रपुर में धूमधाम से मना मां समलेश्वरी मंदिर का वार्षिकोत्सव
501 कलश यात्रा में उमड़ी श्रद्धालुओं की भीड़, वैतरणी नदी घाट से निकली भव्य शोभायात्रा

रिपोर्ट: संदीप गुप्ता।
रामचंद्रपुर में धूमधाम से मना मां समलेश्वरी मंदिर का वार्षिकोत्सव
501 कलश यात्रा में उमड़ी श्रद्धालुओं की भीड़, वैतरणी नदी घाट से निकली भव्य शोभायात्रा
नोवामुंडी। ओडिशा के जोड़ा प्रखंड अंतर्गत रामचंद्रपुर स्थित मां समलेश्वरी मंदिर का वार्षिकोत्सव मंगलवार को हर्षोल्लास एवं भक्तिमय वातावरण में धूमधाम से मनाया गया। इस अवसर पर आयोजित 501 कलश यात्रा में बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं ने उत्साहपूर्वक भाग लिया।

कार्यक्रम का शुभारंभ वैतरणी नदी घाट से निकाली गई भव्य कलश यात्रा के साथ हुआ। पीले वस्त्र धारण कर महिलाओं ने सिर पर कलश लेकर यात्रा में हिस्सा लिया। वहीं, मृदंग की थाप पर नाचते-गाते श्रद्धालु मां समलेश्वरी के जयकारे लगाते हुए आगे बढ़ रहे थे। कलश यात्रा वैतरणी नदी घाट से प्रारंभ होकर मंदिर परिसर पहुंची, जहां पूरे विधि-विधान के साथ पूजा-अर्चना संपन्न हुई।

इस अवसर पर मंदिर समिति की ओर से मंदिर परिसर में होम-यज्ञ का आयोजन किया गया। वार्षिकोत्सव में ओडिशा के अलावा झारखंड एवं पश्चिम बंगाल से भी बड़ी संख्या में श्रद्धालु पहुंचे। विशेष रूप से मगधा, गोप एवं गौड़ समाज के उड़िया भाषी लोगों की भारी भीड़ देखने को मिली।

पूजा-अर्चना के बाद मंदिर समिति की ओर से सभी श्रद्धालुओं के बीच महाप्रसाद का वितरण किया गया। पूरे दिन मंदिर परिसर भक्तिमय बना रहा और मां समलेश्वरी के जयकारों से गूंजता रहा। श्रद्धालुओं ने मां के दरबार में माथा टेककर परिवार एवं क्षेत्र की सुख-समृद्धि और खुशहाली की कामना की।




