छठ महापर्व को लेकर गुवा में तैयारियां तेज, बुलडोजर से हुई छठ घाटों की सफाई
गुवा छठ घाट एवं कुसुम घाट को सजाने में जुटे स्थानीय लोग, 15 नवंबर को संध्या अर्घ्य पर बनारस के पुरोहित करेंगे भव्य गंगा आरती

रिपोर्ट: संदीप गुप्ता।
छठ महापर्व को लेकर गुवा में तैयारियां तेज, बुलडोजर से हुई छठ घाटों की सफाई
गुवा छठ घाट एवं कुसुम घाट को सजाने में जुटे स्थानीय लोग, 15 नवंबर को संध्या अर्घ्य पर बनारस के पुरोहित करेंगे भव्य गंगा आरती
गुवा संवाददाता। लोक आस्था के महापर्व छठ पूजा को लेकर गुवा में तैयारियां जोर-शोर से चल रही हैं। छठ व्रतियों एवं श्रद्धालुओं की सुविधा को ध्यान में रखते हुए गुवा के विभिन्न छठ घाटों की साफ-सफाई कराई जा रही है। गुवा छठ घाट एवं कुसुम घाट सहित अन्य घाटों पर बुलडोजर चलाकर सफाई अभियान चलाया गया। वहीं घाटों को आकर्षक रूप से सजाने और पूजा की व्यवस्थाओं को अंतिम रूप देने में स्थानीय लोग जुटे हुए हैं।

छठ महापर्व को लेकर गुवा बाजार में भी रौनक बढ़ने लगी है। श्रद्धालु पूजा में इस्तेमाल होने वाले फल, प्रसाद और अन्य पूजन सामग्री की खरीदारी कर रहे हैं। खासकर छोटे बच्चों में छठ पूजा को लेकर विशेष उत्साह देखने को मिल रहा है। घाटों पर चल रही साफ-सफाई और सजावट से पूरे क्षेत्र में भक्तिमय माहौल बनने लगा है।छठ पूजा के निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार, 13 नवंबर शुक्रवार को नहाय-खाय एवं कद्दू-भात के साथ चार दिवसीय महापर्व की शुरुआत होगी। 14 नवंबर शनिवार को व्रती खरना का प्रसाद ग्रहण करेंगे। वहीं, 15 नवंबर रविवार को संध्या अर्घ्य के अवसर पर छठ घाट पर बनारस से आए पुरोहितों द्वारा भव्य गंगा आरती की जाएगी। इसके बाद 16 नवंबर सोमवार को उषा अर्घ्य के साथ गंगा आरती का आयोजन होगा।

गुवा में छठ महापर्व को लेकर श्रद्धालुओं में खासा उत्साह है। स्थानीय लोग आपसी सहयोग से घाटों की साफ-सफाई, सजावट और अन्य जरूरी व्यवस्थाओं में जुटे हैं, ताकि छठ व्रतियों एवं श्रद्धालुओं को किसी प्रकार की परेशानी न हो और लोक आस्था का यह महापर्व श्रद्धा, भक्ति एवं उल्लास के साथ संपन्न हो सके।




