Uncategorized

रिपोर्ट: संदीप गुप्ता।

रांजाबुरु माइंस में ब्रेक फेल होने से अनियंत्रित हुआ हाईवा, पहाड़ से टकराकर रुका
चालक नटवर बोयपाय को आई हल्की चोट, दो लोगों ने कूदकर बचाई जान; बड़ा हादसा टला
गुवा संवाददाता। सेल की गुवा स्थित रांजाबुरु माइंस में शुक्रवार को उस समय अफरा-तफरी मच गई, जब खदान क्षेत्र से नीचे उतर रहा एक भारी वाहन (हाईवा) अचानक ब्रेक फेल होने के कारण अनियंत्रित हो गया। ढलान पर उतरते समय ब्रेक ने काम करना बंद कर दिया, जिससे चालक वाहन पर नियंत्रण खो बैठा।

प्रत्यक्ष जानकारी के अनुसार, हाईवा तेज रफ्तार में ढलान से नीचे उतरते हुए जीरो प्वाइंट की ओर बढ़ने लगा। वाहन की अनियंत्रित गति को देखकर आसपास मौजूद दो लोगों ने खतरे को भांपते हुए कूदकर अपनी जान बचाई। इसके बाद हाईवा आगे बढ़ते हुए आयरन ओर के एक ऊंचे पहाड़ से जा टकराया और उस पर चढ़ गया। पहाड़ से टकराने के कारण वाहन की रफ्तार थम गई। इस दुर्घटना में हाईवा चालक नटवर बोयपाय को हल्की चोट आई है। गनीमत रही कि हादसे में कोई बड़ी जनहानि नहीं हुई। दुर्घटनाग्रस्त हाईवा का पंजीकरण नंबर OD14T1711 बताया गया है।

घटना के बाद खदान क्षेत्र में कुछ देर तक अफरा-तफरी का माहौल बना रहा। स्थानीय स्तर पर लोगों का कहना है कि यदि हाईवा आयरन ओर के पहाड़ से नहीं टकराता, तो कोई बड़ा हादसा हो सकता था।
इस घटना ने खदान क्षेत्र में भारी वाहनों की सुरक्षा व्यवस्था और उनके ब्रेक सहित अन्य तकनीकी उपकरणों की नियमित जांच को लेकर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं। खदान जैसे जोखिमपूर्ण क्षेत्र में ऐसी दुर्घटनाओं की पुनरावृत्ति रोकने के लिए वाहनों की तकनीकी स्थिति और सुरक्षा मानकों पर विशेष ध्यान देना जरूरी है।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button
Click to listen highlighted text!
error: Content is protected !!