किरीबुरू-हिलटॉप मार्ग पर भीषण सड़क हादसा, पोस्टमास्टर की मौत, CISF जवान गंभीर
मैगजीन के समीप मोटरसाइकिल दुर्घटनाग्रस्त, घायल जवान को बेहतर इलाज के लिए राउरकेला रेफर किया गया

रिपोर्ट: संदीप गुप्ता।
किरीबुरू-हिलटॉप मार्ग पर भीषण सड़क हादसा, पोस्टमास्टर की मौत, CISF जवान गंभीर
मैगजीन के समीप मोटरसाइकिल दुर्घटनाग्रस्त, घायल जवान को बेहतर इलाज के लिए राउरकेला रेफर किया गया
गुवा संवाददाता। किरीबुरू-हिलटॉप मुख्य मार्ग पर मैगजीन के समीप देर शाम हुए भीषण सड़क हादसे में हिलटॉप डाकघर के पोस्टमास्टर काली चरण माझी की मौत हो गई, जबकि उनके साथ मोटरसाइकिल पर सवार सीआईएसएफ जवान राउतु मरांडी गंभीर रूप से घायल हो गए। घटना के बाद किरीबुरू और हिलटॉप क्षेत्र में शोक की लहर दौड़ गई।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, काली चरण माझी और सीआईएसएफ जवान राउतु मरांडी मोटरसाइकिल से किरीबुरू बाजार आए थे। बाजार का काम पूरा करने के बाद दोनों हिलटॉप स्थित अपने घर लौट रहे थे। इसी दौरान मैगजीन के समीप मोटरसाइकिल का संतुलन बिगड़ गया, जिससे दोनों दुर्घटनाग्रस्त हो गए। हादसे के बाद स्थानीय लोगों की मदद से दोनों को सेल अस्पताल, किरीबुरू पहुंचाया गया।
अस्पताल में पोस्टमास्टर काली चरण माझी की गंभीर स्थिति को देखते हुए सीएमओ डॉ. नंदी जिराई, डॉ. पी.आर. सिंह सहित चिकित्सा टीम ने उन्हें बचाने का हरसंभव प्रयास किया। चिकित्सकों ने सीपीआर देकर उनकी जान बचाने की कोशिश की, लेकिन तमाम प्रयासों के बावजूद उन्हें बचाया नहीं जा सका।
वहीं, हादसे में गंभीर रूप से घायल सीआईएसएफ जवान राउतु मरांडी के सिर में गंभीर चोटें आई हैं। प्राथमिक उपचार के बाद उनकी नाजुक स्थिति को देखते हुए बेहतर इलाज के लिए एंबुलेंस से राउरकेला स्थित इस्पात जनरल अस्पताल (आईजीएच) रेफर कर दिया गया।
घटना की सूचना मिलने पर सीआईएसएफ के उप समादेष्टा मयूर एंगले अन्य अधिकारियों और जवानों के साथ अस्पताल पहुंचे। उन्होंने घायल जवान को बेहतर चिकित्सा सुविधा उपलब्ध कराने और उन्हें सुरक्षित राउरकेला भेजने की व्यवस्था में सक्रिय भूमिका निभाई।
पोस्टमास्टर काली चरण माझी की असामयिक मौत से उनके परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है। उनके परिवार में पत्नी और एक छोटा बेटा है। इस दुखद घटना से क्षेत्र के लोगों में शोक व्याप्त है। स्थानीय लोगों ने मृतक के परिवार के प्रति संवेदना व्यक्त करते हुए घायल जवान के शीघ्र स्वस्थ होने की कामना की है।




