बरकेला हाई स्कूल में चारदीवारी व गार्डवाल निर्माण का शिलान्यास
मंत्री दीपक बिरुवा ने किया शिलापट्ट का अनावरण, विद्यालय की सुरक्षा व बेहतर शैक्षणिक माहौल को बताया सरकार की प्राथमिकता

रिपोर्ट: संदीप गुप्ता।
बरकेला हाई स्कूल में चारदीवारी व गार्डवाल निर्माण का शिलान्यास
चाईबासा : चाईबासा सदर प्रखंड के बरकेला हाई स्कूल में सोमवार को चारदीवारी सह गार्डवाल निर्माण कार्य का शिलान्यास किया गया। झारखंड सरकार के राजस्व, निबंधन, भूमि सुधार एवं परिवहन मंत्री दीपक बिरुवा ने शिलापट्ट का अनावरण कर निर्माण कार्य का विधिवत शुभारंभ किया।

मंत्री दीपक बिरुवा के विद्यालय पहुंचने पर छात्र-छात्राओं ने स्वागत गान प्रस्तुत कर उनका अभिनंदन किया। इस दौरान मंत्री ने कहा कि राज्य सरकार ग्रामीण एवं दूरदराज क्षेत्रों के सरकारी विद्यालयों में बेहतर शैक्षणिक वातावरण उपलब्ध कराने तथा आधारभूत संरचनाओं को मजबूत करने के लिए लगातार कार्य कर रही है। विद्यालय में चारदीवारी एवं गार्डवाल का निर्माण होने से परिसर की सुरक्षा मजबूत होगी और विद्यार्थियों को सुरक्षित, अनुशासित एवं भयमुक्त वातावरण में पढ़ाई करने का अवसर मिलेगा। उन्होंने कहा कि शिक्षा व्यवस्था को बेहतर बनाने के लिए विद्यालयों में आवश्यक बुनियादी सुविधाओं का होना बेहद जरूरी है। सरकार विद्यालयों के विकास और विद्यार्थियों को बेहतर शैक्षणिक माहौल उपलब्ध कराने के लिए प्रतिबद्ध है। शिलान्यास समारोह में झामुमो की केंद्रीय सदस्य मोनिका बोयपाई, मंत्री के आप्त सचिव सुभाष बनर्जी, बरकेला पंचायत के पंचायत समिति सदस्य, विद्यालय के प्राचार्य, शिक्षक-शिक्षिकाएं, स्थानीय ग्रामीण मुंडा, पंचायत के गणमान्य नागरिक, झामुमो कार्यकर्ता एवं बड़ी संख्या में ग्रामीण उपस्थित थे।
समारोह के अंत में विद्यालय की प्रधानाध्यापिका ने अतिथियों, जनप्रतिनिधियों एवं ग्रामीणों के प्रति आभार जताया। वहीं ग्रामीणों और अभिभावकों ने विद्यालय की सुरक्षा एवं आधारभूत संरचना को मजबूत करने के लिए उठाए गए इस कदम की सराहना करते हुए मंत्री के प्रति आभार व्यक्त किया।




