तकनीकी अभियान से 37 गुम मोबाइल बरामद, धारकों को लौटाए
केंद्रीय उपकरण पहचान पोर्टल के जरिए पुलिस की कार्रवाई, चाईबासा में एसडीपीओ व डीएसपी की मौजूदगी में सौंपे गए मोबाइल

पश्चिमी सिंहभूम पुलिस ने तकनीकी माध्यम से 37 गुम मोबाइल बरामद कर धारकों को लौटाए
संदीप गुप्ता गुवा। 25 सितंबर।पश्चिमी सिंहभूम जिले में गुम एवं चोरी हुए मोबाइल फोन की बरामदगी को लेकर पुलिस द्वारा चलाए जा रहे तकनीकी अभियान में बड़ी सफलता मिली है।पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर केंद्रीय उपकरण पहचान पोर्टल के माध्यम से जिले के विभिन्न थाना क्षेत्रों से गुम हुए मोबाइल फोन की लगातार तकनीकी जांच एवं कार्रवाई की गई। अभियान के दौरान कुल 37 गुम मोबाइल फोन बरामद किए गए।बरामद किए गए सभी मोबाइल फोन उनके वास्तविक धारकों को विधिवत वापस कर दिए गए।मोबाइल फोन वापस मिलने पर धारकों ने खुशी जताते हुए चाईबासा पुलिस के प्रति आभार व्यक्त किया।अभियान पुलिस उपाधीक्षक (मुख्यालय) पश्चिमी सिंहभूम चाईबासा पूजा कुमारी के नेतृत्व में चलाया गया। बरामद मोबाइल फोन को अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी सदर बहमन टुट्टी एवं पुलिस उपाधीक्षक पूजा कुमारी की उपस्थिति में उनके वास्तविक धारकों को सौंपा गया।पुलिस ने आम लोगों से अपील की है कि मोबाइल फोन गुम या चोरी होने की स्थिति में तत्काल अपने नजदीकी थाना में शिकायत दर्ज कराएं। इसके बाद संचार साथी मोबाइल एप पर भी शिकायत दर्ज करें, ताकि समय पर तकनीकी कार्रवाई कर मोबाइल की बरामदगी सुनिश्चित की जा सके।पुलिस ने बताया कि हाल के दिनों में मोबाइल चोरी करने वाले गिरोह दूसरे जिलों से समूह बनाकर आते हैं और बाजार एवं भीड़भाड़ वाले इलाकों में मोबाइल चोरी की घटनाओं को अंजाम देते हैं।चोरी किए गए मोबाइल फोन को दूसरे राज्यों में बेचने की बात भी सामने आई है। पुलिस ने लोगों से बाजार एवं भीड़भाड़ वाले स्थानों पर अपने मोबाइल फोन और कीमती सामान को सुरक्षित रखने की अपील की है।



