गुवा खदान के सफाई कर्मियों ने स्थायीकरण की मांग उठाई, आंदोलन की चेतावनी
वर्षों से सेवा देने के बावजूद नियमित नहीं हुए सफाई कर्मी, प्रबंधन को कार्य बहिष्कार का अल्टीमेटम

रिपोर्ट: संदीप गुप्ता।
गुवा खदान के सफाई कर्मियों ने स्थायीकरण की मांग उठाई, आंदोलन की चेतावनी
वर्षों से सेवा देने के बावजूद नियमित नहीं हुए सफाई कर्मी, प्रबंधन को कार्य बहिष्कार का अल्टीमेटम
गुवा संवाददाता। सेल की गुवा लौह अयस्क खदान में वर्षों से कार्यरत सफाई कर्मियों ने अपने स्थायीकरण की मांग को लेकर प्रबंधन के खिलाफ मोर्चा खोलने की चेतावनी दी है। इस संबंध में झारखंड मजदूर संघर्ष संघ के केंद्रीय अध्यक्ष रामा पांडे ने प्रबंधन को पत्र लिखकर सफाई कर्मियों के विभागीयकरण एवं स्थायीकरण की प्रक्रिया अविलंब शुरू करने की मांग की है। पत्र में कहा गया है कि गुवा खदान में कार्यरत सफाई कर्मियों ने वर्षों से पूरी निष्ठा और जिम्मेदारी के साथ अपनी सेवाएं दी हैं। वैश्विक महामारी कोरोना के कठिन दौर में भी अपनी जान की परवाह किए बिना उन्होंने खदान क्षेत्र एवं आसपास की स्वच्छता व्यवस्था को सुचारु बनाए रखने में महत्वपूर्ण योगदान दिया। इसके बावजूद लंबे समय तक सेवा देने के बाद भी उन्हें स्थायी रोजगार का लाभ नहीं मिल पाया है। इससे उनके और उनके परिवारों के भविष्य पर असुरक्षा का माहौल बना हुआ है। पत्र में पूर्व के नियुक्ति मामलों का उल्लेख करते हुए कहा गया है कि वर्ष 2008 और 2015 में गुवा खदान प्रबंधन की ओर से विभिन्न विभागों में नियुक्तियां की गई थीं, लेकिन सफाई विभाग में कार्यरत किसी भी कर्मी का स्थायीकरण नहीं किया गया। संघ ने इसे सफाई कर्मियों के प्रति उपेक्षापूर्ण एवं भेदभावपूर्ण रवैया बताया है। संघ का कहना है कि स्वच्छता विभाग किसी भी औद्योगिक संस्थान का महत्वपूर्ण अंग होता है। सफाई कर्मी स्वस्थ एवं स्वच्छ कार्य वातावरण बनाए रखने में रीढ़ की भूमिका निभाते हैं। इसके बावजूद प्रबंधन की लगातार अनदेखी से सफाई कर्मियों में निराशा और आक्रोश बढ़ता जा रहा है। संघ ने प्रबंधन से मांग की है कि सभी पात्र सफाई कर्मियों के विभागीयकरण एवं स्थायीकरण की प्रक्रिया तत्काल शुरू की जाए। साथ ही चेतावनी दी है कि यदि मांग पर शीघ्र सकारात्मक निर्णय नहीं लिया गया तो सफाई कर्मी आंदोलन, धरना-प्रदर्शन और कार्य बहिष्कार (काम बंद) करने को बाध्य होंगे। इससे उत्पन्न होने वाली औद्योगिक स्थिति की पूरी जिम्मेदारी प्रबंधन की होगी।




