नोवामुंडी में 400 से अधिक सांपों को पकड़ जंगल में छोड़ा, राधा मोहन साहू को मिला वन्यजीव संरक्षण सम्मान
सर्प साथी के रूप में 12 वर्षों से कर रहे काम, जहरीले सांपों को चंद मिनटों में पकड़ने में माहिर

नोवामुंडी में 400 से अधिक सांपों को पकड़ जंगल में छोड़ा, राधा मोहन साहू को मिला वन्यजीव संरक्षण सम्मान
सर्प साथी के रूप में 12 वर्षों से कर रहे काम, जहरीले सांपों को चंद मिनटों में पकड़ने में माहिर
परमानंद गोप नोवामुंडी। सर्पों को बचाने और उन्हें सुरक्षित प्राकृतिक आवास तक पहुंचाने के जुनून ने नोवामुंडी के राधा मोहन साहू को अलग पहचान दिलाई है। पिछले 12 वर्षों से सर्प साथी के रूप में काम कर रहे राधा मोहन साहू अब तक 400 से अधिक सांपों को पकड़कर सुरक्षित जंगल में छोड़ चुके हैं। उनके इसी उल्लेखनीय कार्य से प्रभावित होकर ओडिशा वन विभाग की ओर से हाल ही में उन्हें ‘सब-डिविजनल लेवल चीफ मिनिस्टर अवार्ड फॉर वाइल्डलाइफ कंजर्वेशन-2026’ से सम्मानित किया गया है।

ओडिशा के अंगुल जिले के मूल निवासी राधा मोहन साहू पिछले सात वर्षों से नोवामुंडी कैंप क्षेत्र में रहकर रोजगार कर रहे हैं। क्षेत्र में कहीं भी सांप निकलने की सूचना मिलने पर लोग उन्हें फोन करते हैं। दिन हो या रात, सूचना मिलते ही वे मौके पर पहुंचकर सांप को सुरक्षित पकड़ने का प्रयास करते हैं। कई मौकों पर उन्होंने जहरीले सांपों को पकड़कर लोगों को संभावित खतरे से बचाया है।
राधा मोहन साहू को इंडियन किंग कोबरा, गेहूंअन, कॉमन करैत, अजगर, रसेल वाइपर, ब्लैक मांबा और उड़ने वाले सांप सहित विभिन्न प्रजातियों के सांपों को पकड़ने का अनुभव है। वे सांपों को नुकसान पहुंचाए बिना पकड़कर जंगल में छोड़ने को प्राथमिकता देते हैं। उन्होंने बताया कि बचपन से ही उन्हें जंगली जीव-जंतुओं के प्रति विशेष लगाव रहा है। पढ़ाई के दिनों से ही घर और आसपास के इलाकों में निकलने वाले सांपों को पकड़कर जंगल में छोड़ना उन्हें अच्छा लगता था। इसी रुचि ने आगे चलकर उन्हें सर्प संरक्षण के क्षेत्र में काम करने के लिए प्रेरित किया। वर्ष 2014 के आसपास उन्होंने व्यवस्थित रूप से सांप पकड़ने का कार्य शुरू किया। सर्पों को सुरक्षित तरीके से पकड़ने और उनके व्यवहार को समझने के लिए उन्होंने बारीपदा स्थित नॉर्थ ओडिशा यूनिवर्सिटी से दो वर्ष तथा अंगुल से एक वर्ष का प्रशिक्षण भी प्राप्त किया है। उनका कहना है कि सांपों को मारना समस्या का समाधान नहीं है। लोगों को जागरूक करते हुए सांपों को सुरक्षित पकड़कर उनके प्राकृतिक आवास में छोड़ना ही संरक्षण का बेहतर तरीका है।




