डांगुवापोसी में नई लॉबी का उद्घाटन, कर्मचारियों की समस्याएं सुनीं
मालुका में ट्रेनों के ठहराव और अस्पताल में डॉक्टरों की कमी दूर करने का दिया आश्वासन

रिपोर्ट: संदीप गुप्ता।
डांगुवापोसी में नई लॉबी का उद्घाटन, कर्मचारियों की समस्याएं सुनीं; मालुका में ट्रेनों के ठहराव और अस्पताल में डॉक्टरों की कमी दूर करने का दिया आश्वासन
गुवा संवाददाता। दक्षिण पूर्व रेलवे के महाप्रबंधक अनिल कुमार जैन ने सोमवार को चक्रधरपुर रेल मंडल के जरूली से राजखरसावां रेलखंड का व्यापक निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने रेलवे ट्रैक, स्टेशन, यार्ड, सिग्नल एवं टेलीकॉम व्यवस्था के साथ यात्री सुविधाओं और विकास परियोजनाओं की प्रगति का जायजा लिया।

निरीक्षण का मुख्य उद्देश्य सुरक्षित रेल परिचालन सुनिश्चित करने के साथ रेलवे की आधारभूत संरचनाओं और यात्री सुविधाओं में सुधार करना था। निरीक्षण की शुरुआत सुबह 7:30 बजे जरूली स्टेशन से हुई। इसके बाद जीएम ने निर्धारित रेलखंड के विभिन्न स्टेशनों और परिचालन व्यवस्थाओं का निरीक्षण किया। इस दौरान उनके साथ चक्रधरपुर रेल मंडल के डीआरएम तरुण हुरिया सहित रेलवे मुख्यालय और मंडल के वरिष्ठ अधिकारी मौजूद रहे।

जीएम ने अधिकारियों को निर्माण कार्यों में गुणवत्ता बनाए रखने, परियोजनाओं को निर्धारित समयसीमा में पूरा करने तथा सुरक्षा मानकों का सख्ती से पालन करने का निर्देश दिया।
डांगुवापोसी में नई लॉबी का उद्घाटन, रेलकर्मियों की समस्याएं सुनीं
निरीक्षण के क्रम में रेल महाप्रबंधक डांगुवापोसी पहुंचे। यहां उन्होंने स्टेशन, रेलवे यार्ड, रेल पटरी और सिग्नल व्यवस्था का जायजा लिया। सबसे पहले उन्होंने फोर्थ ग्रेड रेलकर्मियों से मुलाकात कर उनकी समस्याएं सुनीं। करीब आधे घंटे तक चली बातचीत में कर्मचारियों ने कार्यस्थल की सुरक्षा और बुनियादी सुविधाओं से जुड़ी समस्याएं रखीं।

जीएम ने संबंधित अधिकारियों को इन समस्याओं पर आवश्यक कार्रवाई करने का निर्देश दिया। इस दौरान स्टेशन परिसर में नवनिर्मित टिकट काउंटर और रनिंग रूम का भी निरीक्षण किया गया। वहीं, डांगुवापोसी में नवनिर्मित लॉबी का उद्घाटन रेल महाप्रबंधक की उपस्थिति में चक्रधरपुर रेल मंडल के मेल एक्सप्रेस के सीनियर लोको पायलट जी. मुर्मू ने फीता काटकर एवं नारियल फोड़कर किया।
आधारभूत संरचनाओं की कमी से विलंब से चल रही हैं ट्रेनें
चक्रधरपुर रेल मंडल में ट्रेनों के विलंब से परिचालन के सवाल पर जीएम ने कहा कि क्षेत्र में रेलवे की आधारभूत संरचनाओं के विकास की कमी के कारण ट्रेनों के परिचालन पर असर पड़ रहा है। थर्ड और फोर्थ रेल लाइन का निर्माण पूरा होने के बाद ट्रेनों के परिचालन में सुधार होने की उम्मीद है। उन्होंने जनशताब्दी सहित अन्य महत्वपूर्ण ट्रेनों के विलंब से चलने के मामलों पर विशेष निगरानी रखने का निर्देश दिया, ताकि समयबद्ध परिचालन सुनिश्चित किया जा सके।
इस साल रेल दुर्घटनाओं में आई है कमी
मंडल में लगातार हो रही रेल दुर्घटनाओं के सवाल पर महाप्रबंधक ने कहा कि पिछले वर्षों की तुलना में इस साल रेल दुर्घटनाओं में कमी आई है। उन्होंने कहा कि उनका निरीक्षण दौरा भी सुरक्षित रेल परिचालन को ध्यान में रखकर किया जा रहा है। रेलवे पटरियों के रखरखाव और सुधार का काम लगातार जारी है। आने वाले समय में सुरक्षा व्यवस्था को और मजबूत कर दुर्घटनाओं में कमी लाने का प्रयास किया जाएगा।
सुरक्षित रेल परिचालन रेलवे की पहली प्राथमिकता
निरीक्षण के बाद आयोजित प्रेस वार्ता में जीएम अनिल कुमार जैन ने कहा कि रेलवे की पहली प्राथमिकता सुरक्षित ट्रेन परिचालन है। इसके लिए ट्रैक के रखरखाव के साथ सिग्नल एवं टेलीकॉम व्यवस्था की बारीकी से जांच की गई है। जहां भी कमियां पाई गई हैं, उन्हें दूर करने के निर्देश संबंधित अधिकारियों को दिए गए हैं। डांगुवापोसी, जरूली समेत अन्य स्टेशनों पर यात्री सुविधाओं की भी समीक्षा की गई है। मालुका में जनशताब्दी और वंदे भारत के ठहराव की मांग पर होगी जांच
मालुका स्टेशन पर जनशताब्दी और वंदे भारत एक्सप्रेस के ठहराव की स्थानीय लोगों की मांग पर जीएम ने जांच कराने का आश्वासन दिया। उन्होंने कहा कि किसी स्टेशन पर ट्रेन का ठहराव रेलवे के निर्धारित मानकों के आधार पर तय किया जाता है। स्थानीय लोगों की मांग की समीक्षा कराई जाएगी। यदि ठहराव के निर्धारित मानक पूरे होते हैं, तो इस दिशा में आवश्यक कदम उठाए जाएंगे।
रेलवे अस्पताल में अतिरिक्त डॉक्टरों की होगी पोस्टिंग, नए क्वार्टर भी बनेंगे
डांगुवापोसी रेलवे अस्पताल में डॉक्टरों की कमी का मुद्दा उठने पर जीएम ने अतिरिक्त डॉक्टरों की पोस्टिंग के लिए आवश्यक निर्देश देने की बात कही। इससे रेलकर्मियों और उनके परिजनों को बेहतर चिकित्सा सुविधा मिलने की उम्मीद है। वहीं, रेलकर्मियों के लिए आवास की कमी को देखते हुए डांगुवापोसी में नए रेलवे क्वार्टरों के निर्माण का भी आश्वासन दिया। उन्होंने बताया कि इस संबंध में डीआरएम से चर्चा की गई है और जल्द ही निर्माण की दिशा में पहल की जाएगी। रेल महाप्रबंधक के इस निरीक्षण दौरे में जहां रेलवे की सुरक्षा और परिचालन व्यवस्था की समीक्षा की गई, वहीं स्थानीय स्तर पर लंबे समय से उठ रही यात्री सुविधाओं और रेलकर्मियों की समस्याओं को भी प्रमुखता से रखा गया। अब देखना होगा कि निरीक्षण के दौरान दिए गए निर्देशों और आश्वासनों पर रेलवे प्रशासन कितनी तेजी से अमल करता है।




