चक्रवाती तूफान ‘अकवान’ का गुवा और सारंडा में असर, बारिश से बढ़ी ठंड
सुबह से छाए रहे काले बादल, तेज सर्द हवाओं के साथ हुई लगातार बारिश; बाजारों और सड़कों पर कम दिखी लोगों की आवाजाही

रिपोर्ट: संदीप गुप्ता।
चक्रवाती तूफान ‘अकवान’ का गुवा और सारंडा में असर, बारिश से बढ़ी ठंड
सुबह से छाए रहे काले बादल, तेज सर्द हवाओं के साथ हुई लगातार बारिश; बाजारों और सड़कों पर कम दिखी लोगों की आवाजाही
गुवा संवाददाता। बंगाल की खाड़ी से उठे चक्रवाती तूफान ‘अकवान’ (Cyclone Akvan) का असर बुधवार, 19 नवंबर को गुवा, सारंडा के जंगलों और आसपास के क्षेत्रों में देखने को मिला। मौसम में अचानक आए बदलाव से पूरे इलाके में ठंड बढ़ गई है। सुबह से ही आसमान में काले बादल छाए रहे और तेज ठंडी हवाएं चलती रहीं। दोपहर बाद मौसम ने और गंभीर रूप ले लिया तथा लगातार बारिश शुरू हो गई।

पहाड़ी क्षेत्र होने के कारण गुवा और आसपास के इलाकों में ठंड का असर अधिक महसूस किया गया। तेज हवाओं और बारिश के कारण लोगों को काफी परेशानियों का सामना करना पड़ा। लगातार बारिश से तापमान में गिरावट आई और अचानक बढ़ी ठंड ने लोगों की दिनचर्या को प्रभावित कर दिया। बाजारों और सड़कों पर सामान्य दिनों की अपेक्षा लोगों की आवाजाही कम रही। वहीं, जरूरी काम नहीं होने पर लोग घरों में ही रहना बेहतर समझते नजर आए। बारिश और सर्द हवाओं के चलते जनजीवन प्रभावित रहा। खासकर खुले स्थानों पर काम करने वाले लोगों और राहगीरों को काफी परेशानी हुई। मौसम के मौजूदा हालात को देखते हुए गुरुवार, 20 नवंबर को भी क्षेत्र में चक्रवाती तूफान का असर बने रहने की आशंका जताई गई है। बारिश और तेज हवाओं का सिलसिला जारी रहने पर ठंड में और बढ़ोतरी हो सकती है। ऐसे में क्षेत्रवासियों को सतर्क रहने तथा मौसम खराब रहने के दौरान अनावश्यक रूप से घरों से बाहर निकलने से बचने की सलाह दी गई है।




