रामचंद्रपुर में मां समलेश्वरी मंदिर का दो दिवसीय वार्षिकोत्सव संपन्न
हवन-यज्ञ के बाद श्रद्धालुओं के बीच महाप्रसाद वितरण, संबलपुरी नृत्य-गीत ने बांधा समां; झारखंड, ओडिशा और बंगाल से उमड़े श्रद्धालु

रिपोर्ट: संदीप गुप्ता।
रामचंद्रपुर में मां समलेश्वरी मंदिर का दो दिवसीय वार्षिकोत्सव संपन्न
हवन-यज्ञ के बाद श्रद्धालुओं के बीच महाप्रसाद वितरण, संबलपुरी नृत्य-गीत ने बांधा समां; झारखंड, ओडिशा और बंगाल से उमड़े श्रद्धालु
नोवामुंड़ी। ओडिशा के जोड़ा प्रखंड अंतर्गत रामचंद्रपुर स्थित मां समलेश्वरी मंदिर का दो दिवसीय वार्षिकोत्सव बुधवार को हर्षोल्लास और श्रद्धा के साथ संपन्न हुआ। वार्षिकोत्सव के अंतिम दिन धार्मिक अनुष्ठानों के तहत हवन-यज्ञ का आयोजन किया गया। इसके बाद श्रद्धालुओं के बीच महाप्रसाद का वितरण हुआ। वहीं, श्रद्धालुओं के मनोरंजन के लिए आयोजित संबलपुरी नृत्य-गीत कार्यक्रम आकर्षण का केंद्र रहा।

समापन समारोह में बीजेडी नेता कुशो आपट मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुए। उन्होंने मंदिर में मां समलेश्वरी के चरणों में माथा टेककर आशीर्वाद लिया। समारोह को संबोधित करते हुए उन्होंने कहा कि ओडिशा के संबलपुर जिले में स्थित मां समलेश्वरी मंदिर के बाद रामचंद्रपुर में दूसरा समलेश्वरी मंदिर स्थापित है। उन्होंने कहा कि जो श्रद्धालु किसी कारणवश संबलपुर नहीं पहुंच पाते हैं, वे रामचंद्रपुर मंदिर में मां के दर्शन कर सकते हैं। वहीं, झारखंड के पश्चिमी सिंहभूम जिले के नोवामुंडी प्रखंड अंतर्गत हतनाबेड़ा स्थित समलेश्वरी मंदिर भी काफी चर्चित है।

वार्षिकोत्सव में ओडिशा के अलावा झारखंड और पश्चिम बंगाल से बड़ी संख्या में श्रद्धालु पहुंचे। विशेष रूप से मगधा, गोप और गौड़ समाज के उड़िया भाषी लोगों की अच्छी खासी भीड़ रही। पूरे दिन मंदिर परिसर मां समलेश्वरी के जयकारों से गूंजता रहा।

इस अवसर पर जेटेया प्रखंड की ओर से स्वास्थ्य शिविर भी लगाया गया। शिविर में डॉ. लक्ष्मण गोप ने लोगों की स्वास्थ्य जांच कर जरूरतमंदों को दवाइयां उपलब्ध कराईं। हतनाबेड़ा समलेश्वरी मंदिर कोर कमेटी के अध्यक्ष प्रोफेसर गणेश चंद्र गोप, युवा समिति अध्यक्ष चंद्रमोहन गोप, कैलाश गोप, धबलेश्वर गोप और सनातन नायक सहित कई गणमान्य लोग भी माता के दर्शन के लिए पहुंचे।

कार्यक्रम को सफल बनाने में मंदिर समिति के अध्यक्ष अक्षय महाकुड़, उपाध्यक्ष गजेंद्रनाथ गोप, सचिव धनेश्वर महाकुड़, सहायक सचिव नरेश महाकुड़, कोषाध्यक्ष कुना महाकुड़ तथा कार्यकारिणी सदस्य श्रीकर गोप, मुकेश महाकुड़, दिलीप कुमार महाकुड़, रघुनाथ महाकुड़, मोतीलाल गोप और चंद्रभानु गोप का सराहनीय योगदान रहा। मंदिर समिति की ओर से सभी श्रद्धालुओं के बीच महाप्रसाद वितरित किया गया।




