Uncategorized
गुवा सेल खदान में शोवेल मशीन दुर्घटनाग्रस्त, ऑपरेटर बाल-बाल बचा
करोड़ों की मशीन क्षतिग्रस्त, सुरक्षा व्यवस्था और अधिकारियों की निगरानी पर श्रमिक संगठनों ने उठाए सवाल; उच्चस्तरीय जांच की मांग

रिपोर्ट: संदीप गुप्ता।
गुवा सेल खदान में शोवेल मशीन दुर्घटनाग्रस्त, ऑपरेटर बाल-बाल बचा
करोड़ों की मशीन क्षतिग्रस्त, सुरक्षा व्यवस्था और अधिकारियों की निगरानी पर श्रमिक संगठनों ने उठाए सवाल; उच्चस्तरीय जांच की मांग
गुवा संवाददाता। सेल की गुवा लौह अयस्क खदान के बाइ हिल पहाड़ी क्षेत्र में बुधवार को खनन कार्य के दौरान एक भारी-भरकम शोवेल मशीन दुर्घटनाग्रस्त हो गई। हादसे में करोड़ों रुपये मूल्य की मशीन बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई, जबकि मशीन का ऑपरेटर बाल-बाल बच गया। घटना के बाद खदान की सुरक्षा व्यवस्था और प्रबंधन की कार्यशैली को लेकर सवाल उठने लगे हैं।

बताया जाता है कि दुर्घटना दोपहर के समय खनन कार्य के दौरान हुई। हादसे ने खदान में भारी मशीनों के संचालन, तकनीकी निगरानी और सुरक्षा मानकों के पालन की व्यवस्था पर सवाल खड़े कर दिए हैं।इस घटना पर झारखंड मजदूर संघर्ष संघ सहित अन्य श्रमिक संगठनों के प्रतिनिधियों ने नाराजगी जताई है। यूनियन नेताओं का कहना है कि प्रबंधन खदान में मजदूरों के मोबाइल फोन ले जाने पर प्रतिबंध लगाने को लेकर काफी सख्ती दिखाता है, लेकिन मजदूरों की वास्तविक सुरक्षा और निर्धारित सुरक्षा नियमों के पालन के मामले में वैसी गंभीरता क्यों नहीं दिखाई जाती? यूनियन प्रतिनिधियों ने आरोप लगाया कि दुर्घटना के समय कार्यस्थल पर कोई सक्षम पदाधिकारी या कार्य प्रभारी मौजूद नहीं था। उनका कहना है कि खदान में पहले से ही मैनपावर की कमी बनी हुई है। पर्याप्त कर्मचारियों और तकनीकी अधिकारियों की निगरानी के बिना जोखिमपूर्ण खनन कार्य कराना मजदूरों की सुरक्षा के लिए गंभीर चिंता का विषय है। श्रमिक संगठनों ने दुर्घटना की उच्चस्तरीय एवं निष्पक्ष जांच कराने की मांग की है। साथ ही हादसे के वास्तविक कारणों का पता लगाने, ड्यूटी पर तैनात अधिकारियों की जिम्मेदारी निर्धारित करने और किसी की लापरवाही सामने आने पर उचित कार्रवाई करने की मांग की है। यूनियन नेताओं ने प्रबंधन से खदान में सुरक्षा मानकों का कड़ाई से पालन कराने, पर्याप्त मैनपावर उपलब्ध कराने तथा प्रत्येक कार्यस्थल पर सक्षम अधिकारियों की मौजूदगी सुनिश्चित करने की अपील की है। अब देखना होगा कि इस दुर्घटना के बाद सेल प्रबंधन सुरक्षा व्यवस्था में सुधार के लिए क्या कदम उठाता है।




