22 नवंबर को होगा नोआमुंडी रन-ए-थॉन का आयोजन, देशभर के धावक लेंगे हिस्सा
छठे संस्करण में 10, 7 और 5 किलोमीटर की दौड़ होगी आयोजित, विजेताओं को मिलेंगे 5.67 लाख रुपये के पुरस्कार

रिपोर्ट: संदीप गुप्ता।
22 नवंबर को होगा नोवामुंड़ी रन-ए-थॉन का आयोजन, देशभर के धावक लेंगे हिस्सा
छठे संस्करण में 10, 7 और 5 किलोमीटर की दौड़ होगी आयोजित, विजेताओं को मिलेंगे 5.67 लाख रुपये के पुरस्कार
गुवा संवाददाता। टाटा स्टील की ओर से आयोजित ओएमक्यू डिवीजन का प्रमुख खेल आयोजन नोवामुंडी रन-ए-थॉन का छठा संस्करण 22 नवंबर 2026 को आयोजित किया जाएगा। इसको लेकर शुक्रवार को चाईबासा में कार्यक्रम की आधिकारिक घोषणा की गई। इस वर्ष दौड़ की थीम ‘हरित एवं बेहतर कल के लिए दौड़ें’ (Run for a Greener Tomorrow) रखी गई है। प्रतियोगिता का आयोजन नोवामुंडी स्पोर्ट्स कॉम्प्लेक्स से किया जाएगा। इस अवसर पर टाटा स्टील के ओएमक्यू डिवीजन के महाप्रबंधक देबाशीष जेना ने कंपनी के अन्य वरिष्ठ अधिकारियों की उपस्थिति में रन-ए-थॉन की जर्सी का अनावरण किया। कार्यक्रम में डी. विजयेंद्र, चीफ (नोआमुंडी, काटामाटी एवं विजया-II), राजीव कुमार, चीफ (खोंडबोंड), राजेश राजन, हेड कम्युनिकेशन (रॉ मटेरियल्स एवं झारखंड), मनीष सिन्हा, हेड स्पोर्ट्स (इवेंट्स एवं ट्रेनिंग सेंटर) तथा उदय प्रकाश सिंह, असिस्टेंट मैनेजर, कॉर्पोरेट कम्युनिकेशन, नोवामुंडी सहित अन्य अधिकारी उपस्थित थे।

इस वर्ष प्रतियोगिता में अलग-अलग आयु वर्गों के लिए दौड़ आयोजित की जाएगी। 15 वर्ष एवं उससे अधिक आयु के पुरुषों और महिलाओं के लिए 10 किलोमीटर तथा 7 किलोमीटर की दौड़ होगी। वहीं, 16 वर्ष से कम आयु के बालक एवं बालिकाओं के लिए 5 किलोमीटर की दौड़ निर्धारित की गई है। इसके अलावा विशेष क्षमता वाले प्रतिभागियों के लिए 2 किलोमीटर की दौड़ भी आयोजित होगी।

प्रतियोगिता के विभिन्न वर्गों में सामान्य एवं स्थानीय श्रेणी के विजेताओं को ट्रॉफी के साथ नकद पुरस्कार देकर सम्मानित किया जाएगा। इसके लिए कुल 5 लाख 67 हजार रुपये की पुरस्कार राशि निर्धारित की गई है। 10 किलोमीटर महिला एवं पुरुष वर्ग में प्रथम स्थान प्राप्त करने वाले प्रतिभागी को 51 हजार, द्वितीय को 41 हजार और तृतीय स्थान प्राप्त करने वाले को 31 हजार रुपये दिए जाएंगे। इसी प्रकार 7 किलोमीटर महिला एवं पुरुष वर्ग में प्रथम पुरस्कार 25 हजार, द्वितीय पुरस्कार 20 हजार और तृतीय पुरस्कार 15 हजार रुपये रखा गया है। जबकि 5 किलोमीटर बालक एवं बालिका वर्ग में प्रथम स्थान पर 10 हजार, द्वितीय स्थान पर 8 हजार और तृतीय स्थान पर 7 हजार रुपये का पुरस्कार दिया जाएगा।
उल्लेखनीय है कि पिछले वर्ष आयोजित रन-ए-थॉन में देशभर से 4 हजार से अधिक धावकों ने हिस्सा लिया था। इस वर्ष आयोजकों को उम्मीद है कि प्रतिभागियों की संख्या पिछले संस्करण के रिकॉर्ड को पार करेगी। आयोजन का उद्देश्य खेल प्रतिभाओं को प्रोत्साहित करने के साथ-साथ पर्यावरण संरक्षण और हरित भविष्य के प्रति लोगों को जागरूक करना है।




