जगन्नाथपुर में सड़क हादसों का सिलसिला, चार घायल
सवारी गाड़ी पेड़ से टकराई, दो महिलाएं रेफर; अलग-अलग बाइक हादसों में दो युवक भी गंभीर रूप से घायल
जगन्नाथपुर
जगन्नाथपुर थाना क्षेत्र में गुरुवार को सड़क हादसों का सिलसिला देखने को मिला। जगन्नाथपुर-जैतगढ़ मुख्य मार्ग पर सवारी गाड़ी अनियंत्रित होकर पेड़ से जा टकराई, जिसमें कई यात्री घायल हो गए। वहीं रात करीब आठ बजे अलग-अलग स्थानों पर हुई दो बाइक दुर्घटनाओं में दो युवक घायल हो गए। तीनों घटनाओं में घायलों को जगन्नाथपुर सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र लाया गया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद गंभीर रूप से घायल चार लोगों में से दो महिलाओं और दोनों युवकों को बेहतर इलाज के लिए सदर अस्पताल चाईबासा रेफर किया गया।

मोड़ पर अनियंत्रित होकर पेड़ से टकराई सवारी गाड़ी
पहली घटना जगन्नाथपुर-जैतगढ़ मुख्य मार्ग पर तोड़ांगहातु रेलवे फाटक के आगे कुंदरीझोर टर्निंग के समीप हुई। जानकारी के अनुसार गुमुरिया निवासी रोयबारी पूरती और बेलमती लागुरी, बेलपोशी निवासी जानकी हेंब्रम समेत करीब नौ यात्री जगन्नाथपुर बाजार से सवारी गाड़ी में सवार होकर अपने-अपने घर लौट रहे थे। इसी दौरान मोड़ के पास चालक का वाहन पर नियंत्रण नहीं रहा और गाड़ी सड़क किनारे पेड़ से जा टकराई। टक्कर इतनी जोरदार थी कि वाहन में सवार कई यात्री घायल हो गए।

दुर्घटना के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई। सूचना मिलने पर जगन्नाथपुर पुलिस मौके पर पहुंची और घायलों को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया। चिकित्सकों ने सभी घायलों का प्राथमिक उपचार किया। अधिक चोट लगने के कारण रोयबारी पूरती और जानकी हेंब्रम को सदर अस्पताल चाईबासा रेफर कर दिया गया। अन्य यात्रियों को प्राथमिक उपचार के बाद घर भेज दिया गया।

अज्ञात टेंपो की टक्कर से युवक का पैर फ्रैक्चर
दूसरी घटना रात करीब आठ बजे तोनांगहातु फाटक के आगे हुई। जेटेया थाना क्षेत्र के बाडापासीया निवासी साजन गोप मोटरसाइकिल से एक मरीज को जगन्नाथपुर अस्पताल पहुंचाने के बाद किसी काम से तोनांगहातु की ओर जा रहा था। इसी दौरान मोड़ के पास सामने से आ रहे एक अज्ञात टेंपो ने उसकी बाइक में टक्कर मार दी। हादसे के बाद टेंपो चालक वाहन लेकर मौके से फरार हो गया।
सड़क पर गिरने से साजन गोप गंभीर रूप से घायल हो गया। राहगीरों की सूचना पर जगन्नाथपुर पुलिस मौके पर पहुंची और पीसीआर वाहन से उसे सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया। जांच में उसके दाहिने पैर में फ्रैक्चर पाया गया। इसके अलावा हाथ और चेहरे पर भी चोटें आई थीं। गंभीर स्थिति को देखते हुए चिकित्सकों ने उसे सदर अस्पताल चाईबासा रेफर कर दिया।

बाइक अनियंत्रित होने से युवक घायल, माथे पर गंभीर चोट
तीसरी घटना डुमरजुआ गांव के समीप हुई। टोटो थाना क्षेत्र के टोटो गांव निवासी खेत्रो लागुरी मोटरसाइकिल से जगन्नाथपुर साप्ताहिक बाजार आया था। बाजार करने के बाद वह बाइक से घर लौट रहा था। इसी दौरान डुमरजुआ गांव के पास बाइक अनियंत्रित होकर सड़क पर गिर गई। हादसे में उसके चेहरे और माथे पर गंभीर चोटें आईं, जबकि हाथ में भी चोट लगी।
घायल खेत्रो लागुरी को सामने से गुजर रहे एक टेंपो चालक ने अपने वाहन से जगन्नाथपुर सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया। यहां चिकित्सकों ने उसका प्राथमिक उपचार किया। गंभीर चोटों को देखते हुए उसे भी बेहतर इलाज के लिए सदर अस्पताल चाईबासा रेफर कर दिया गया।




