चोट को मात देकर कृष्ण करुआ की शानदार वापसी, राज्य स्तरीय एथलेटिक्स प्रतियोगिता में जीते दो पदक
जनवरी 2027 में लखनऊ में होने वाली राष्ट्रीय प्रतियोगिता के लिए हुआ चयन, फरवरी में दिल्ली के खेलो इंडिया प्रतियोगिता में भी दिखाएंगे दमखम

रिपोर्ट: संदीप गुप्ता।
चोट को मात देकर कृष्ण करुआ की शानदार वापसी, राज्य स्तरीय एथलेटिक्स प्रतियोगिता में जीते दो पदक
जनवरी 2027 में लखनऊ में होने वाली राष्ट्रीय प्रतियोगिता के लिए हुआ चयन, फरवरी में दिल्ली के खेलो इंडिया प्रतियोगिता में भी दिखाएंगे दमखम
गुवा संवाददाता। गुवा माइंस के प्रतिभाशाली एथलीट कृष्ण करुआ ने गंभीर सड़क दुर्घटना में घायल होने के बाद खेल मैदान पर शानदार वापसी करते हुए अपनी प्रतिभा का लोहा मनवाया है। 21 एवं 22 नवंबर 2026 को जमशेदपुर स्थित जेआरडी टाटा स्पोर्ट्स कॉम्प्लेक्स में आयोजित झारखंड राज्य मास्टर एथलेटिक्स प्रतियोगिता में उन्होंने शॉट पुट (गोला फेंक) और जेवलिन थ्रो (भाला फेंक) स्पर्धाओं में उत्कृष्ट प्रदर्शन करते हुए दो पदक हासिल किए। उल्लेखनीय है कि कृष्ण करुआ वर्ष 2025 में राष्ट्रीय स्तर की एथलेटिक्स प्रतियोगिताओं में हिस्सा लेकर अपनी प्रतिभा का परिचय दे चुके थे। इसी बीच दिसंबर 2025 में एक सड़क दुर्घटना में बाइक से गिरकर वे गंभीर रूप से घायल हो गए थे। इसके बाद उनका इलाज भुवनेश्वर में चला और चोट के कारण उन्हें लंबे समय तक खेल मैदान से दूर रहना पड़ा।

हालांकि, दुर्घटना और लंबे उपचार के कठिन दौर के बावजूद कृष्ण करुआ ने हिम्मत नहीं हारी। लगातार अभ्यास, कड़ी मेहनत, दृढ़ इच्छाशक्ति और खेल के प्रति जुनून के दम पर उन्होंने दोबारा मैदान पर वापसी की। राज्य स्तरीय प्रतियोगिता में दो पदक जीतकर उन्होंने अपनी मेहनत और संघर्ष को सफलता में बदल दिया।
उनकी इस उपलब्धि के बाद आगामी जनवरी 2027 में लखनऊ में आयोजित होने वाली राष्ट्रीय प्रतियोगिता के लिए उनका चयन किया गया है। इसके अलावा फरवरी 2027 में दिल्ली में आयोजित होने वाली खेलो इंडिया प्रतियोगिता में भी वे हिस्सा लेंगे। इन दोनों प्रतियोगिताओं में कृष्ण करुआ झारखंड का प्रतिनिधित्व करेंगे।

कृष्ण करुआ की इस उपलब्धि से गुवा क्षेत्र, गुवा माइंस और पूरे झारखंड में खुशी का माहौल है। स्थानीय खेल प्रेमियों एवं शुभचिंतकों ने उन्हें बधाई देते हुए आगामी राष्ट्रीय प्रतियोगिताओं में बेहतर प्रदर्शन की शुभकामनाएं दी हैं। उनकी सफलता ने यह साबित किया है कि मजबूत इच्छाशक्ति और निरंतर प्रयास से कठिन से कठिन परिस्थितियों को भी मात दी जा सकती है।




