Uncategorized

PLFI के नाम पर लेवी मांगने वाले दो अपराधी गिरफ्तार, देशी कट्टा और कारतूस बरामद

चाईबासा और खूंटी पुलिस की संयुक्त कार्रवाई में मिली सफलता, एक आरोपी फरार; गिरफ्तारी के लिए छापेमारी जारी

रिपोर्ट: संदीप गुप्ता।

PLFI के नाम पर लेवी मांगने वाले दो अपराधी गिरफ्तार, देशी कट्टा और कारतूस बरामद
चाईबासा और खूंटी पुलिस की संयुक्त कार्रवाई में मिली सफलता, एक आरोपी फरार; गिरफ्तारी के लिए छापेमारी जारी
चाईबासा। पश्चिमी सिंहभूम जिला पुलिस और खूंटी पुलिस के संयुक्त अभियान में PLFI के नाम पर व्यवसायियों से लेवी (रंगदारी) मांगने वाले गिरोह के खिलाफ पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। पुलिस ने छापेमारी कर दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है, जबकि एक अन्य आरोपी मौके से फरार हो गया। गिरफ्तार आरोपियों के पास से एक देशी कट्टा, एक जिंदा कारतूस, एक बिना नंबर प्लेट की पल्सर मोटरसाइकिल, एक मोबाइल फोन और PLFI संगठन के तीन पर्चे बरामद किए गए हैं। पुलिस प्रेस विज्ञप्ति के अनुसार, बीते 13 नवंबर को खूंटी जिले के तपकारा थाना क्षेत्र अंतर्गत कमड़ा मोड़ के पास स्थित एक आवासीय विद्यालय तथा 15 नवंबर को पश्चिमी सिंहभूम जिले के आनंदपुर थाना क्षेत्र में VKS सड़क निर्माण कार्य के दौरान अपराधियों ने PLFI के नाम पर पर्चे फेंककर व्यवसायियों से लेवी की मांग की थी। इन घटनाओं को गंभीरता से लेते हुए खूंटी पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर तोरपा के अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी के नेतृत्व में तपकारा, रनिया और आनंदपुर थाना पुलिस की संयुक्त टीम गठित की गई।
इसी क्रम में 21 नवंबर को पुलिस को गुप्त सूचना मिली कि तीन व्यक्ति बिना नंबर प्लेट की पल्सर मोटरसाइकिल से जयपुर, केलो की ओर से रनिया आ रहे हैं। सूचना का सत्यापन करने के बाद पुलिस टीम ने त्वरित कार्रवाई करते हुए छापेमारी की और दो आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया, जबकि एक अन्य आरोपी भागने में सफल रहा।
गिरफ्तार आरोपियों की पहचान 24 वर्षीय संजू मांझी, पिता बालू मांझी और 24 वर्षीय अंकुश बागे उर्फ दोन्दो, पिता राम बागे, दोनों निवासी ग्राम केलो, थाना रनिया, जिला खूंटी के रूप में हुई है।
पुलिस के अनुसार, पूछताछ के दौरान दोनों आरोपियों ने अपना अपराध स्वीकार करते हुए PLFI संगठन के नाम पर लेवी मांगने की घटनाओं में अपनी संलिप्तता बताई। इस मामले में तपकारा थाना कांड संख्या 10/26 और आनंदपुर थाना कांड संख्या 20/26 में उनकी संलिप्तता सामने आई है। पुलिस ने दोनों आरोपियों को न्यायिक हिरासत में भेजने की प्रक्रिया शुरू कर दी है। वहीं, फरार आरोपी की गिरफ्तारी के लिए लगातार छापेमारी की जा रही है।

जल्द होगी और गिरफ्तारियां : एसपी
पश्चिमी सिंहभूम के पुलिस अधीक्षक अमित रेणु ने बताया कि PLFI के नाम पर रंगदारी मांगने वाले दो आरोपियों को चाईबासा और खूंटी पुलिस के संयुक्त अभियान में गिरफ्तार किया गया है। इस मामले में जल्द ही और गिरफ्तारियां होंगी। पुलिस की छापेमारी जारी है। उन्होंने स्पष्ट कहा कि इस तरह की घटनाओं को किसी भी कीमत पर बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। ऐसे मामलों में पुलिस सख्त कार्रवाई करेगी।
संयुक्त अभियान में ये पुलिस अधिकारी थे शामिल

छापेमारी अभियान में तोरपा के अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी विजय कुमार सिंह, मनोहरपुर थाना के अमित रोशन कुल्लू, रनिया थाना प्रभारी श्यामल कुंभकार, आनंदपुर थाना प्रभारी प्रिंस और तपकारा थाना प्रभारी कैलाश उरांव सहित रनिया, तपकारा एवं आनंदपुर थाना के सशस्त्र बल के जवान शामिल थे।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button
Click to listen highlighted text!
error: Content is protected !!